बबूल के पेड़ पर चढ़कर पत्ती तोड़ रही बालिका को करंट लगा, मौके पर मौत
झातला-बछोड़िया मार्ग पर बबूल के पेड़ पर चढ़कर पत्ती तोड़ते समय एक बालिका की 11 केवीए वाट के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट के झटके से उसका शरीर डाली पर ही लटक गया। जिसे लोगों ने नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार झातला निवासी प्रेमलताबाई उर्फ बदामीबाई पिता बाबूलाल मीणा (13) दोपहर 3 बजे झातला-बछाेड़िया मार्ग पर बकरियों को चरा रही थी। बकरियों के लिए पत्ती तोड़ने वह बबूल के पेड़ पर चढ़ी, तभी पेड़ की डाल के पास से गुजर रही बिजली के तार से छू गई। करंट लगने से उसका शरीर बबूल के पेड़ पर लटक गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से बालिका के शरीर को नीचे उतारा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।