पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • विधायक चंद्रकांता का आरोप; दूसरे जनप्रतिनिधि मेरे क्षेत्र में कर रहे हैं हस्तक्षेप

विधायक चंद्रकांता का आरोप; दूसरे जनप्रतिनिधि मेरे क्षेत्र में कर रहे हैं हस्तक्षेप

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रामगंजमंडी विधानसभा के चार वार्ड में नगर निगम व यूआईटी ओर से कराए विकास कामों को लेकर दो विधायक आमने-सामने हो गए हैं। विधायक चंद्रकांता ने जहां विधायक प्रहलाद गुंजल के गांव धर्मपुरा में उनकी सहमति के बिना काम कराने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की हैं। वहीं, विधायक गुंजल ने कहा कि यह घटिया मानसिकता का परिचायक है। मैंने कोई निजी काम नहीं कराया।

नगर निगम और यूआईटी ने रामगंजमंडी विधानसभा के चार वार्ड 4, 5, 24 व 25 में पिछले चार साल में करीब 44 करोड़ रुपए के विकास काम कराए गए हैं। इन चार वार्ड में वार्ड 5 में विधायक प्रहलाद गुंजल का गांव धर्मपुरा भी आता है। इस वार्ड से उनके भतीजे ओम गुंजल पार्षद हैं। वे लगातार नगर निगम व यूआईटी से अपने वार्ड में काम करा रहे हैं। वहीं, बाकी तीन वार्ड के पार्षद भी निगम तथा यूआईटी से विकास काम करवा रहे हैं। यूआईटी अध्यक्ष रामकुमार मेहता के अनुसार उन्होंने जब से कार्यभार संभाला है विधायक चंद्रकांता मेघवाल के कहने के अनुसार ही उनके क्षेत्र में विकास कराया है। इसके बावजूद विधायक होने वाले कामों से संतुष्ट नहीं हैं।

मेरे कहने पर कोई काम नहीं हो रहा है : चंद्रकांता
विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि दूसरे जनप्रतिनिधियों के कहने पर यूआईटी व निगम उनके चार वार्ड में निजी काम करा रहा है। उनकी ओर से सबसे अधिक आपत्ति बंधा धर्मपुरा में बनवाई गई बारहद्वारी, सीसी रोड, मंदिर की दीवार, व मंदिर तक पहुंचने के रास्ते आदि पर थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी इसी के आधार पर शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि उनके कहने पर कोई काम नहीं हो रहा। जबकि विनोबा भावे नगर में नालियां नहीं है, पाइप लाइनों का अभाव है, पार्क अविकसित पड़े हैं, बालाजी नगर में सड़कें व नालियां नहीं है, स्वामी विवेकानंद नगर के 12 सेक्टरों में विकास नहीं हो रहा। इससे जनता में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने इसकी जांच करवाने के लिए भी आग्रह किया था।

विधायक चंद्रकांता कुछ भी कह सकती है, उसे जवाब देना मे अपना लेवल नहीं समझता, उन्होंने मुख्यमंत्री को चिट्टी भेजी है तो ठीक है, इसकी जांच हो जाएगी। मैं तो यही कह सकता हूं मैंने कोई निजी काम नहीं करवाया, जो भी काम हुआ है वह सार्वजनिक रूप से हो रहा है। सांसद कोष से भी वहां मंदिर की दीवार बन रही है। क्या उन पर भी मैंने दबाव बनाया है। -प्रहलाद गुंजल, विधायक

यह करवाए प्रमुख काम : यूआईटी ने चार साल में चार वार्ड में 91 विकास कार्य कराए हैं। जिन पर 41 करोड़ 9 लाख रुपए खर्च हुए। इनमें धर्मपुरा में 38.17 लाख की बारहद्वारी, गणेश उद्यान में 14 करोड़ 8 लाख, गणेश सर्किल पर 3 करोड़ 68 लाख का सड़क कार्य, धर्मपुरा गांव से बंधा तक रोड का काम 51 लाख 86 हजार, मुकंदरा विहार में 2 करोड़ 92 लाख का रोड का काम, बाईपास से देवली पुनिया तक रोड 2 करोड़ 6 लाख, रावतभाटा रोड पर क्रॉसिंग 1 करोड़ 21 लाख, बंधा में सीसी रोड 12.70 लाख, बंधा में पब्लिक चौपाल 2.81 लाख, पुनिया से बंधा ग्राम में निर्माण 3.63 लाख, पैच रिपेयर बंधा धर्मपुरा व अन्य स्थानों पर 17.84 लाख, बंधा गांव में बीटी रोड 12.70 लाख, अांवलीरोझडी चौराहे पर कार्य 1 करोड़ 4 लाख खर्च किए हैं। इसी प्रकार नगर निगम ने वार्ड 4 में 8 कार्य कराए हैं, जिन पर 1 करोड़ 34 लाख 56 हजार, वार्ड 5 में 6 कार्य 1 करोड़ 2 लाख खर्च किए, इसमें धर्मपुरा में सीसी रोड 40 लाख, बंधा में सीसी पर 24.27, पुलिया पर 6.45 लाख, सीसी व नाली निर्माण पर 15.30 लाख खर्च किए हैं। वार्ड 24 में 2 कार्य 45 लाख 43 हजार, वार्ड 25 में तीन कार्य 37.68 लाख के करवाए गए हैं।

खबरें और भी हैं...