- Hindi News
- National
- रामगंजमंडी में विधायक ने किया 172 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
रामगंजमंडी में विधायक ने किया 172 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल दलितों के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के मसीहा थे। उनकी विचारधारा ने देश को आगे लाने का काम किया है। महिला उत्थान के लिए बाबा साहब की ओर से किए गए कार्य की बदौलत आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे हैं। यह बात विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कही। वे अंबेडकर जयंती पर शहर में आयोजित शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं।
अग्निशमन भवन में आयोजित समारोह में विधायक ने 172 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शहर में बनने वाले डॉ. अंबेडकर भवन से गरीबों को भी शादी समारोह में सुविधा मिलेगी। गौरव पथ से लोगों की राह आसान हुई है। शहर में एकांतरे के स्थान पर प्रतिदिन जलापूर्ति करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही वंचित क्षेत्रों में जलापूर्ति की लाइन के लिए प्रस्ताव भिजवाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष जयवीरसिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा साहब को कांग्रेस ने राष्ट्र मसीहा से दलितों का मसीहा बना दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच एक समान थी। इसी के अनुसार भाजपा सरकार ने गरीबों के उत्थान के लिए कई योजनाएं बनाई है।
रामगंजमंडी. समारोह के बाद जनसुनवाई करती विधायक चंद्रकांता मेघवाल।
रामगंजमंडी. शहर में विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करतीं विधायक ।
इन्होंने भी किया संबोधित
समारोह को भाजपा नगर अध्यक्ष नरेंद्र काला, भाजयुमो नगर अध्यक्ष अकलेश मेड़तवाल, एससी माेर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओम डागोरा ने भी संबोधित करते हुए भाजपा सरकार के विकास कार्य और बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डाला। समारोह में एसडीएम कृष्ण गोपाल जोजन, डीएसपी रामकल्याण मीणा, बीडीओ सुनील मीणा, तहसीलदार राधेश्याम मीणा, भाजपा के सभी मंडल अध्यक्ष, पार्षद भी मंचासीन थे। संचालन महावीर झडिया और प्रकाश धारीवाल ने किया। पालिका ईओ सत्यनारायण राठौर ने आभार व्यक्त किया। समारोह के बाद विधायक ने अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ जनसुनवाई की। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों से शहरवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने समस्याएं सुनने के साथ ही उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई में बिजली व जलापूर्ति, रोड लाइट, राशनकार्ड संबंधी शिकायतें भी आई।
पालिका उपाध्यक्ष ने गिनाई खामियां, दी तालाबंदी की चेतावनी
समारोह में पालिका उपाध्यक्ष ओम गुुर्जर ने शहर में सरकारी तंत्र की पोल खोलते हुए चेतावनी दी कि हालात नहीं सुधरे तो भाजपा कार्यकर्ता सरकारी कार्यालयों पर तालाबंदी करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी ट्रेनों के समय के अनुसार काम कर रहे हैं। देरी से आकर जल्दी जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की सुनवाई नहीं हो रही है तो आमजन का क्या हो रहा है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय हम वार्डों में कई वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद कहा जाता है कि यह कॉलोनियां तो कन्वर्ट नहीं है और विकास कार्य नहीं करवाया जाता। फिर वोट भी क्यों लिए जा रहे हैं। कई स्थानों पर पाइप लाइन व सड़कें नहीं है। उन्होंने कहा कि कई कॉलोनियों में बार-बार कहने के बाद भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधर रही है। घंटों बिजली गुल रहती है। वोल्टेज इतने कम आते हैं कि पंखे भी नहीं चलते। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन में स्थिति सुधार दो, नहीं तो हम कर्मचारियों को सुधार देंगे।
गणेशनगर में अंबेडकर सामुदायिक भवन का विधायक ने किया शिलान्यास
रावतभाटा. गणेशनगर में अंबेडकर भवन निर्माण का शिलान्यास करते विधायक।
रावतभाटा| नगरपालिका की आवासीय गणेश नगर काॅलोनी में अंबेडकर सामुदायिक भवन का शिलान्यास शनिवार को विधायक सुरेश धाकड़ ने पूजा-अर्चना कर किया।
कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष बंशीलाल प्रजापत, उपाध्यक्ष मंजूजंगम,भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार वधवा, महामंत्री आनंदप्रकाश शर्मा, पार्षद पदमा सोनी, कानाराम चारण, संजय रेठूदिया, दिलीप मीणा, मौहम्मद हुसैन बंगाली, सत्यनारायण गुनकर, रामेश्वर चौधरी, आरडी शर्मा, भुवनेश नागर, दिनेश रेठूदिया, एसएन पोरवाल, जेईएन कैलाशसिंह देवल, यशीनाथ झा, भरत दुबे, विजय अरोड़ा, लाला देराश्री आदि मौजूद थे। पूजा पंडित मनोजशास्त्री ने संपन्न कराई। अंबेडकर सामुदायिक भवन पर 48 लाख की राशि खर्च की जाएगी। भवन निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2018 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य दिया गया है। भवन निर्माण 60 गुणा 90 वर्गफीट भूमि पर किया जाएगा। इसमें दो बड़े हॉल, 2 कमरे, लेटबाथ का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही 30 लाख रूपए की लागत से दो सुविधाघरों का निर्माण कराया जाएगा।