27 करोड़ की जलप्रदाय योजना और गौरव पथ का लोकार्पण आज
संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शनिवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अंबेडकर जयंती समारोह एवं संविधान गौरव सम्मेलन दोपहर बाद तीन बजे से शहर के मध्य स्थित अग्निशमन केंद्र पर किया जाएगा।
जहां पर 27.31 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। नगर पालिका, जलदाय विभाग एवं पीडब्ल्यूडी के संयुक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक चंद्रकांता मेघवाल रहेंगी। समारोह में स्वायत्त शासन विभाग की ओर से पालिका क्षेत्र में स्वीकृत 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाले डॉ. अंबेडकर भवन का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ विभिन्न वार्डों में 908.38 लाख के विकास कार्यो, 55 लाख की लागत से बनने वाले पंडित दीनदयाल आश्रय स्थल और 30-30 लाख की लागत से माल गोदाम चौराहा व सरकारी अस्पताल में बनने वाले सुलभ शौचालय का शिलान्यास किया जाएगा। समारोह में पीडब्ल्यूडी की ओर से गोरधनपुरा माताजी मंदिर से सांडपुर तक 250 लाख की लागत से बने शहरी गौरव पथ और 1409.77 लाख की पुर्नगठित शहरी जल प्रदाय योजना का लोकार्पण भी किया जाएगा। समारोह में शहरवासियों की जनसुनवाई का कार्यक्रम भी होगा, जिसमें उपखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष हेमलता शर्मा करेंगी। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुर्जर, भाजपा नगर अध्यक्ष नरेंद्र काला, भाजयुमो नगर अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल और पार्षद रहेंगे।
अंबेडकर जयंती पर रखेंगे अंबेडकर भवन की नींव, विधायक की माैजूदगी में अग्निशमन केंद्र पर होगा कार्यक्रम
रामगंजमंडी. गोरधनपुरा मंदिर से सांडपुर गौरव पथ, जिसका आज होगा लोकार्पण।
सुबह निकालेंगे रैली
डॉ. अंबेडकर की जयंती पर शनिवार सुबह शहर में रैली निकाली जाएगी। शहर में एससी, एसटी, ओबीसी अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त महासंघ की ओर से आयोजित जयंती समारोह के तहत सुबह नौ बजे सभी कर्मचारी, अधिकारी और अन्य लोग शहीद पन्नालाल चौराहा पर एकत्रित हाोंगे। जहां शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रैली प्रारंभ होगी, जो प्रमुख मार्गों से होती हुई अंबेडकर सर्किल पहुंचकर संपन्न होगी। जहां जयंती समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।