रामगंजमंडी|शहर से गुजर रही दिल्ली-मुंबई रेलवे लाइन के समीप शुक्रवार रात को आबकारी विभाग का कांस्टेबल मृत अवस्था में मिला। आशंका जताई जा रही है कि पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार शाम को यहां पहुंचे परिजनों ने भी विरोध जताया। इसके चलते शाम होने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जीआरपी झालावाड़ रोड के इंचार्ज कंवरपालसिंह ने बताया कि रात को सवा 11 बजे ट्रेन के चालक ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे शव पड़ा होने की सूचना दी। इस पर मौके पर पहुंचे रेलवे पुलिसकर्मियों ने शव को उठाकर प्लेटफार्म पर रखवाया। उसकी जेब में मिले कार्ड से शिनाख्त आबकारी कांस्टेबल गुटेरीलाल (45) पुत्र कलुआराम गुर्जर के रूप में हुई। वह करोली जिले के पीपलहेडा गांव का निवासी था। रात को यह पता नहीं चल पाया कि गुटेरीलाल रामगंजमंडी में ही तैनात है। सुबह इसका पता चलने पर परिजनों को सूचना दी गई। साथ ही शव को शहर के सरकारी अस्पताल की माेर्चरी में रखवाया गया। गांव से शाम को परिजन यहां पहुंचे। उन्होंने यहां पर घटना को लेकर विरोध जताया। रेलवे के अधिकारियों ने समझाइश की, लेकिन तब तक शाम होने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। गौरतलब है कि शहर में दूसरी ओर आने-जाने के लिए कई लोग सीधे पटरी पार करते हैं। इससे पूर्व में भी यहां पर कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद भी लोग सीधे पटरी पार करने से बाज नहीं आते।