पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सलावद डींगसी खींमच वन क्षेत्र में अवैध रूप से निकाल रहे सेंड स्टोन

सलावद-डींगसी-खींमच वन क्षेत्र में अवैध रूप से निकाल रहे सेंड स्टोन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज| रामगंजमंडी/सुकेत

एक ओर वन भूमि को संरक्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सेंड स्टोन का अवैध खनन किया जा रहा है। लंबे समय से चल रही इन गतिविधियों को रोकने वाला कोई नहीं है। जिम्मेदार भी इस मामले में मौन हैं।

उपखंड क्षेत्र में सलावद, डींगसी, खींमच के पीछे की ओर वन क्षेत्र फैला हुआ हैं। इस वन क्षेत्र में आमजनों की आवाजाही नगण्य रहती है। यहां पर लंबे समय से अवैध रूप से सेंड स्टोन निकाला जा रहा है। जानकारों के अनुसार यहां पर अब सेंड स्टोन की कोई लीज नहीं हैं। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर सेंड स्टोन का खनन किया जा रहा है। इसमें कई लोग लगे हुए हैं। जिसकी जहां मर्जी, वहीं पर खुदाई कर पत्थर निकालने का काम शुरू कर दिया। इसमें अब हैवी मशीनरी का भी उपयोग किया जा रहा है। खासबात यह है कि यह सब कार्य हो रहा है रात के अंधेरे में। रात को पत्थर निकालने में हाईड्रा मशीन का भी उपयोग किया जाता है। अंधेरा होने के बाद यहां पर लोग पहुंचते हैं। पत्थर निकालते हैं और रात को ही ट्रैक्टर-ट्रॉली व डंपर में भरकर रवाना कर दिया जाता है। सुबह उजाला होने से पहले ही वापस खनन कार्य बंद कर मशीनें हटा ली जाती हैं। यह पत्थर सेंड स्टोन फैक्ट्रियों में भेजा जा रहा है। जहां पर इनको मशीनों से विभिन्न आकार में काटकर बेचा जा रहा है।

निकाल रहे बड़े स्लैब

क्षेत्र में सेंड स्टोन का अवैध खनन कर छोटे पत्थरों के साथ बड़े स्लैब भी ले जाए जा रहे हैं। इन बड़े-बड़े स्लैब को मशीनों के माध्यम से निकालकर वाहनों में रखा जाता है। जिसे फैक्ट्रियों पर पहुंचाकर विभिन्न साइज में काटकर बेचा जा रहा है।

कोई रोकने वाला नहीं

वन क्षेत्र में पत्थरों के खनन पर प्रतिबंध है। क्षेत्र में पक्के पत्थर की लीज नहीं है। इसके बावजूद अवैध खनन का पक्का पत्थर लेकर प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉली व डंपर निकल रहे हैं। इन्हें रोकना तो दूर, कोई पूछने वाला तक नहीं है। इससे यह अवैध कारोबार लगातार फलफूल रहा है और क्षेत्र में वनभूमि के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहा है।

रामगंजमंडी क्षेत्र में सेंड स्टोन के अवैध खनन की जानकारी नहीं है। यदि अवैध खनन हो रहा है तो टीम भेजकर जांच की जाएगी और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -ललितसिंह राणावत, डीएफओ।

सुकेत. क्षेत्र में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...