रामगंजमंडी. भास्कर की ओर से चलाए जा रहे सेव बर्ड अभियान के तहत शनिवार को गोरधनपुरा माताजी मंदिर पर परिंडे बांधे गए व छात्रों को वितरित किए गए।
भास्कर न्यूज| रामगंजमंडी
शहर में दैनिक भास्कर की ओर से चलाए जा रहे सेव बर्ड अभियान के तहत ब्राइट टेक्निकल पीपी कॉलेज की ओर से शनिवार को गोरधनपुरा माताजी मंदिर पर परिंडे बांधे गए। साथ ही विद्यार्थियों को परिंडे वितरित कर अपने घरों के आसपास बांधने का आह्वान किया गया।
इन दिनों भीषण गर्मी हाे रही है। ऐसे में मासूम परिंदों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। समय पर प्यास नहीं बुझने से कई परिंदे दम तोड़ देते हैं। इन परिंदों के लिए पानी की नियमित व्यवस्था के तहत दैनिक भास्कर की ओर से सेव बर्ड अभियान चलाया जा रहा है। इसके पीछे थीम यह है एक सकाेरा पानी और मुट्ठी पर दाना, बस इतना आसान है जिंदगियां बचाना। अभियान के तहत कई संगठन व संस्थाएं जुड़ रही है। शनिवार को शहर के ब्राइट टेक्निकल पीपी कॉलेज के विद्यार्थियों ने गोरधनपुरा माताजी मंदिर परिसर में स्थित पेड़ों के परिंडे बांधे और पानी भरा।
साथ ही नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी दी गई। कॉलेज निदेशक मनीष जैन ने बताया कि मंदिर परिसर में परिंडे बांधने के साथ कई विद्यार्थियों को परिंडे वितरित किए गए, ताकि वे अपने आसपास भी पक्षियों के लिए परिंडे बांध सके।