पवित्र रमजान माह शुक्रवार से प्रारंभ हो रहा है। गुरुवार शाम काे चांद दिखने पर मुस्लिमजनों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। रमजान में एक माह तक रोजे रखकर खुदा की इबादत की जाएगी। साथ ही नेकी के कार्य करेंगे।
गर्मी में रमजान का पवित्र माह आने से इस बाद सहरी और इफ्तार के बीच का समय करीब 15 घंटे का रहेगा। क्षेत्र में बुधवार को चांद दिखने की उम्मीद थे, लेकिन चांद नहीं दिखने से गुरुवार से रमजान शुरू नहीं हो सके। गुरुवार शाम को जैसे ही चांद दिखा मुस्लिमजनों में खुशी छा गई। अब शुक्रवार से पवित्र रमजान माह शुरू हो रहा है।
रमजान के पहले दिन ही जुम्मा होने से रोजेदारों का उत्साह और बढ़ गया है। रमजान में रोजेदार प्रतिदिन पांच वक्त की नमाज अदा कर खुदा की इबादत करेंगे। रमजान में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक और महिलाएं भी रोजा रखती हैं। सुबह सहरी से लेकर शाम को इफ्तार तक रोजा रखा जाएगा। गर्मी में पवित्र रमजान आने से इस बार रोजा करीब 15 घंटे का रहेगा। शुक्रवार को पहले रोजा के दिन सहरी का समय सुबह 4.21 बजे और शाम को इफ्तार का समय 7.11 बजे बताया गया है। इसके आधार पर रोजा 14 घंटे 50 मिनट का रहेगा। आगामी दिनों में यह समय और बढ़ेगा। रमजान के माह के अंतिम दिनों में सहरी और इफ्तार के बीच में 15 घंटे दस मिनट का अंतर रहेगा। (संबंधित खबरें पेज|15 पर भी)