पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एमए पास बेरोजगार भी सफाई कर्मचारी की दौड़ में

एमए पास बेरोजगार भी सफाई कर्मचारी की दौड़ में

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बेरोजगारी का बढ़ता आलम यह है कि उच्च शिक्षित सवर्ण भी सफाईकर्मी की दौड़ में शामिल हैं। पालिका में की जा रही सफाईकर्मियों की भर्ती में कई उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन किए हैं। इनमें से सफाईकर्मियों को चयनित कर नियुक्ति दी जाएगी।

सरकार ने प्रदेश में सभी स्थानीय निकायों में सफाईकर्मियों की भर्ती की घोषणा की थी। इसका नोटिफिकेशन जारी होने के बाद प्रदेश की अन्य स्थानीय निकायों के साथ शहर की नगरपालिका में भी सफाईकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। रामगंजमंडी में कुल 36 सफाईकर्मियों की भर्ती की जानी हैं। इसके लिए नगरपालिका में 15 मई तक आवेदन लिए गए। खास बात यह है कि सफाईकर्मियों के 36 पदों के लिए 309 लोगों ने आवेदन किए हैं। यानि सफाईकर्मी के एक-एक पद के लिए आठ से अधिक दावेदार हैं। सफाईकर्मी की भर्ती में शहर में दलितों के साथ कई सवर्णों ने भी आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में कई आवेदक उच्च शिक्षित हैं। कई आवेदकों ने बीए, एमए कर रखा है। आवेदकों ने बताया कि वर्षों से बेरोजगारी का दंश झेल रहे युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिला है। ऐसे में कोई यह मौका नहीं छोड़ता चाहता। इसके चलते 309 युवाओं ने सफाईकर्मी बनने के लिए आवेदन किया है। उच्च शिक्षितों के सफाईकर्मियों के लिए आवेदन करने से पालिका में भी चर्चा बनी हुई है। आवेदन लेने की पूरी प्रक्रिया हो चुकी है। अब 16 जून तक इनकी जांच की जाएगी। इसके बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की ओर से लॉटरी निकालकर सफाईकर्मियों का चयन किया जाएगा।

बेरोजगारी की भीड़

रामगंजमंडी में 36 पदों के लिए 309 लोगों ने किए आवेदन, कलेक्टर की समिति लॉटरी से करेगी भर्ती का फैसला

पेंशनर्स के रिक्त स्थान भी भरेंगे: नगरपालिका में 11 सफाईकर्मियों की पेंशन के बाद से उनके पद रिक्त चल रहे हैं। सरकार ने प्रदेश की अन्य स्थानीय निकायों के साथ यहां पर सफाईकर्मियों के 25 पद और स्वीकृत किए हैं। इसके चलते यहां पर 36 सफाईकर्मियों की भर्ती की जा रही है।

सुधरेगी सफाई व्यवस्था: नगरपालिका में 30 वार्ड हैं। इनकी सफाई व्यवस्था के लिए 93 सफाईकर्मी है। अब पालिका में जुलाई तक भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से 36 और सफाईकर्मी मिल जाएंगे। इससे शहर में 129 सफाईकर्मी होने से सफाई व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।

सफाईकर्मियों के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनमें कई सवर्णों के साथ उच्च शिक्षित युवाओं ने भी आवेदन किए हैं। अब इन आवेदन पत्रों की जांच कर लॉटरी से सफाईकर्मियों का चयन किया जाएगा। -सत्यनारायण राठौर, ईओ, नगरपालिका

खबरें और भी हैं...