पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मनरेगा संविदा कर्मियों को मंत्रालयिक कर्मचारियों ने दिया समर्थन

मनरेगा संविदा कर्मियों को मंत्रालयिक कर्मचारियों ने दिया समर्थन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विभिन्न मांगों को लेकर पंचायत समिति में चल रहा मनरेगा कर्मियों का धरना शुक्रवार को 18वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बाड़मेर जिले की डबोई पंचायत के ग्राम रोजगार सहायक ओमप्रकाश भील को श्रद्धांजलि दी गई।

ब्लॉक स्तर पर कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 और एसएसआर भर्ती 2013 को पूर्ण करवाने, कार्यरत नरेगाकर्मियों के समायोजन की मांग को लेकर नरेगा कर्मी बीते एक मई से हड़ताल पर है। साथ ही वे पंचायत समिति पर धरना दे रहे हैं। जिलाध्यक्ष संतोषसिंह ने बताया कि सरकार की बेरुखी के चलते ओमप्रकाश भील ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। नरेगाकर्मियों ने मौन रखकर उसे श्रद्धांजलि दी।

मंत्रालयिक कर्मचारियों ने भी हड़ताल कर रहे नरेगा कर्मियों को समर्थन दे दिया। साथ ही अपनी मांगों को लेकर इन कर्मचारियों ने शुक्रवार से हड़ताल की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। मंत्रालयिक कर्मचारी कैडर रिव्यू सहित पांच मांगे रख रहे हैं। इनमें नरेगा कार्मिकों की मांगों के साथ गृह जिला में स्थानांतरण के संबंध में नियमों की व्यवस्था करने, अनुकंपा नियुक्ति में लगे कनिष्ठ लिपिकों को टंकण परीक्षा में राहत देने सहित समान संवर्ग के कर्मचारियों को समान कार्य विभाजन की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में संरक्षक जगदीश चंद बोरियां, अध्यक्ष चौधरी हरेंद्रसिंह, उपाध्यक्ष प्रेमचंद सेन, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, सचिव सुरेश कुमार आदि शामिल थे।

भैंसरोड़गढ़ में मनरेगा कार्यों का किया बहिष्कार

भैंसरोड़गढ़। पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन मनरेगा संविदा कार्मिकों के आंदोलन के समर्थक एवं कैडर रिव्यू की मांग काे लेकर आंदोलन करेगा। इसके लिए पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन भैंसरोडगढ़ के सदस्यों ने बीडीओ डॉ.भानूमौली मौर्य को ज्ञापन दिया। जिसमें चरणबद्ध आंदोलन के कार्यक्रम की जानकारी दी गई। प्रथम दौर में शुक्रवार को अपनी मांगों के लिए ज्ञापन देना, मनरेगा योजना संबंधित सभी कार्यों का बहिष्कार, 21 से 23 मई तक आमजन से आंदोलन सफल करने के लिए ठंडा पानी, शरबत पिलाना, 24 मई से अनिश्चित कालीन सभी कार्यों का बहिष्कार करना, जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 11 जून को जयपुर कूच किया जाएगा। मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अपनी 5 सूत्री मांगों का निराकरण करने की मांग की है। मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन, ग्राम पंचायतों में कार्यरत सहायक कर्मचारी-सदस्य ज्ञापन देने में शामिल थे।

रामगंजमंडी। नरेगा कर्मचारियों के पक्ष में उतरे मंत्रालयिक कर्मचारी।

रामगंजमंडी। शहर में धरनास्थल पर श्रद्धांजलि देते मनरेगा श्रमिक।

भैंसरोड़गढ़। पंचायत समिति भैंसरोड़गढ़ बीडीओ को ज्ञापन देते पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के सदस्य

खबरें और भी हैं...