शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल गोरधनपुरा माताजी मंदिर परिसर में स्थित कुएं को साफ करने के लिए कई युवक प्रतिदिन रात को श्रमदान कर रहे हैं।
बीते छह दिन में कुएं की काफी सफाई की जा चुकी है। यह कार्य पूर्ण सफाई तक जारी रहेगा। गोरधनपुरा माताजी मंदिर पर प्रतिदिन बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रविवार को तो यहां पर मेले जैसा माहौल रहता है। मंदिर परिसर में कई दशक पुराना कुआंं है, जिसे बावड़ी भी कहते हैं। पहले मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ कार्यक्रमों में भी पीने के पानी के लिए इसी पर निर्भर थे।
बाद में मंदिर परिसर में ट्यूबवैल लगने से यह कुआ उपेक्षा का शिकार हो गया। समय के साथ इसमें मिट्टी व कचरा जमा हा़े गया। मंदिर परिसर में लगे ट्यूबवैल में गत दिनों पानी की कमी आ गई। गोरधनपुरा माताजी मंदिर समिति के अध्यक्ष नवीन धाकड़ ने समिति की बैठक बुलाकर पानी की समस्या पर चर्चा की।
रामगंजमंडी. गोरधनपुरा माताजी मंदिर पर स्थित कुएं की सफाई करते युवक।
पहले किया था पॉलीथिन फ्री : दिसंबर 2015 में दैनिक भास्कर की ओर से शुरू किए पॉलीथिन फ्री अभियान में भी शहर में सबसे पहले गोरधनपुरा माताजी मंदिर परिसर पर सफाई की गई थी। यहां पर मंदिर समिति के साथ विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी सफाई की थी। साथ ही समिति ने मंदिर परिसर को पॉलीथिन फ्री घोषित कर यहां पॉलीथिन लाने व पॉलीथिन में प्रसाद बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद भी मंदिर समिति के इन्हीं सदस्यों ने लगातार कई रविवार तक मंदिर परिसर में श्रमदान कर सफाई की थी। ऐसे में अब पूरे मंदिर परिसर का स्वरूप ही बदल गया है।
रामगंजमंडी. रात में कुएं की सफाई करने में जुटे युवक।
रात को 9 से 11 तक श्रमदान
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में स्थित पुराने कुएंं की सफाई करवाई जाए। बाहर से सफाई करवाने पर समिति को अलग से राशि खर्च करनी पड़ती है। इस पर निर्णय लिया गया कि प्रतिदिन समिति के सदस्य गोरधनपुरा के युवक दो घंटे श्रमदान कर कुएं की सफाई करेंगे। बस फिर क्या था युवाओं की टोली कुए की सफाई में जुट गई। बीते छह दिनों से गाेरधनपुरा के युवक प्रतिदिन रात को नौ से करीब 11 बजे यहां श्रमदान कर कुएं की सफाई में जुटे हैं।
उपेक्षा के कारण गंदगी से अटा: नवीन
समिति के अध्यक्ष नवीन बताते हैं कि कुएं में पहले गर्मी में भी पानी रहता था। उपेक्षा के चलते समय के साथ यह गंदगी से अट गया। अब छह दिन में काफी कचरा बाहर निकाला है। इससे कुएं में पानी भी आने लगा है। पूरी सफाई होने पर कुएं में गर्मी में भी पानी मिल सकेगा। इससे यहां होने वाले कार्यक्रमों भी लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि कुएं की सफाई होने तक यह अभियान जारी रहेगा।