पहले कार और बस में हुई टक्कर, फिर पहाड़ी से जाकर टकराई बस, २१ जख्मी
मचौती के समीप एक मारुति कार और बस की टक्कर में 21 लोग घायल हो गए। परिवहन निगम की बस कुठाडी से रोहडू आ रही थी जबकि मारुति कार रोहडू से जगोठी की तरफ जा रही थी। मचौती के पास बस और कार की टक्कर हो गई जिसके बाद बस पहाड़ी से जा टकराई। इस हादसे में बस की सवारियों सहित कार चालक व्यक्ति घायल हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल रोहडू में भर्ती किया गया है। जहां पर सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। घायलों में अधिकांश को मामूली चोटें आई है। एचआरटीसी के रोहडू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा ने अस्पताल पहुंच कर घायलों से मुलाकात की। अनिल शर्मा ने बताया कि घायलों को अस्पताल प्रशासन द्वारा दिए जा रही प्राथमिक चिकित्सा के बिल का भुगतान निगम करेगा। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की छानबीन पुलिस ने शुरू कर दी है।
हादसे में बस और कार के अगले हिस्से को नुकसान हुअा है।