अंग्रेजी के पेपर में पूछे पुराने सिलेबस से प्रश्न,परीक्षा दोबारा कराने की मांग
वर्ष 2017 में एमडीयू प्रशासन की आेर से कराई गई दूरस्थ शिक्षा की बीए द्वितीय वर्ष की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में पुराने पाठ्यक्रम की तैयारी करके आए विद्यार्थियों को नए सिलेबस से सवाल दे दिए गए। लिहाजा बड़ी संख्या में छात्र फेल हो गए। वर्ष 2018 की परीक्षा में विद्यार्थियों ने रि अपीयर का फार्म भरकर परीक्षा में बैठे। शुक्रवार को हुई अंग्रेजी विषय की परीक्षा में विद्यार्थी नए सिलेबस की तैयारी करके पेपर देने केंद्रों पर पहुंचे तो उन्हें पुराने सिलेबस के सवालों का प्रश्नपत्र पकड़ा दिया गया। छात्र मनदीप सिंह, कंवल किशोर, कमल सिंह ने बताया कि नए सिलेबस की तैयारी करके परीक्षा देने केंद्रों पर पहुंचे थे। तो वहां पर हमें पुराने सिलेबस पर आधारित प्रश्नपत्र पकड़ा दिया गया। जब हमने सुपरवाइजर से आपत्ति जताई तो उन्होंने हमारी आपत्ति पर गौर न करते हुए प्रश्नपत्र हल करने का दबाव बनाया। छात्रों ने एमडीयू प्रशासन से मांग की है कि अंग्रेजी विषय द्वितीय वर्ष की परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजन कराया जाए, ताकि छात्रों को भविष्य प्रभावित न हो सके।
रोहतक. राजकीय महिला महाविद्यालय में बीए की परीक्षा देकर बाहर आते विद्यार्थी।