तंवर की अगुवाई में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च
टिटौली माइनर में 10 वर्षीय बच्ची की थैले में मिली लाश को लेकर सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर डी पार्क से लेकर अंबेडकर चौक तक कैंडल मार्च निकाला। अगुवाई कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने की। कैंडल मार्च में शहर के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने सरकार की आलोचना की। अशोक तंवर ने बलात्कार के लिए फांसी की सजा करने तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की भी मांग की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष बत्तरा, प्रो. कुलताज सिंह, युवा नेता सत्यवान दहिया, आनंद हुड्डा, वंदना पोपली, विमल मिनोचा, नरेंद्र कौशिक, जिला प्रवक्ता एडवोकेट रमेश खुराना, रोहित दलाल, महेंद्र बागडी, विमल मिनोचा, पंकज कपूर, कांग्रेस सेवादल के सचिव सूरज रसवंत, प्रिंस मल्होत्रा, अनूप सिंह कटारिया, धर्मवीर कलसन, नरेंद्र कौशिक, सुनील शर्मा, मनोज वशिष्ठ, सतपाल टांक आदि शामिल हुए। दिवंगत आत्म को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
रोहतक. बलात्कार व अत्याचार के खिलाफ शहरवासियों के साथ कैंडल मार्च निकालते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर।
गैंगरेप व हत्या को लेकर मशाल जुलूस आज : रोहतक | कठुआ, उनाव और सूरत में बच्चियों के साथ हुए गैंगरेप के बाद हत्या को लेकर नागरिक सुरक्षा एवं न्याय संघर्ष समिति की ओर से मंगलवार शाम 5:30 बजे मशाल जुलूस निकालेगी। यह जुलूस मानसरोवर पार्क से शुरू होकर मॉडल टाउन पर संपन्न होगा। यह जानकारी सद्भाव समिति के सदस्य डॉ. महावीर नरवाल ने दी।
बढ़ते अपराधों के खिलाफ आज शहर संगठन निकालेंगे कैंडल मार्च : रोहतक | बच्चियों और महिलाओं पर अपराधों कम होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। इनके खिलाफ नागरिकों की ओर से मंगलवार को रोष सभा और कैंडल मार्च निकाला जाएगा। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन और संस्थाएं इसमें शामिल होंगी।