विज्ञान को बचाने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला साइंस फाॅर मार्च
रोहतक. पॉवर हाउस के पास जागरूक रैली निकालते हरियाणा आर्गेनाइजिंग कमेटी के सदस्य व स्कूल के विद्यार्थी।
रोहतक | विज्ञान को बचाने के लिए हरियाणा आर्गेनाइजिंग कमेटी और ब्रेकथ्रू संस्था की ओर से शनिवार को मेडिकल मोड से साइंस फॉर मार्च निकाला गया। इस मार्च में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यह मार्च एमडीयू के गेट नंबर-1 पर संपन्न हुआ। इस मार्च में प्रोफेसर सोमित्रो बनर्जी ने कहा कि मौजूदा दौर में वैज्ञानिक दृष्टिकोण की जरूरत है। हमें लैब और किताबों से बाहर दैनिक जीवन में भी वैज्ञानिक समझ व तार्किक रुझान की जरूरत है। देश में बड़े मंचों से जिस तरह विज्ञान विरोधी बातें की जा रही है, यह बेहद ही चिंताजनक है। मिथक व विज्ञान को मिलाया जा रहा है। यह विज्ञान के लिए भी खतरनाक है। अभी हाल ही में चोटी काटने जैसी घटनाओं के पीछे छिपे असली कारण को जानने की बजाय लोगों में अंधविश्वास के चलते भय पैदा हुआ। कभी देश में गणेश की मूर्ति दूध पीती है तो कभी बरसात करवाने के लिए हवन, भंडारे किए जाते है। इस अवसर पर सोसायटी के राज्य संयोजक हरीश कुमार, चंचल घोष, एमडीयू से उमेश कुमार, हेल्थ यूनिवर्सिटी से डॉ. प्रियंका सैनी, बसंत लाल, अवधेश कुमार मौजूद रहे।