पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • 10 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव बैग में डाल नहर में फेंका, टिटौली माइनर में नोच रहे थे कुत्ते, गार्ड ने भगाए

10 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव बैग में डाल नहर में फेंका, टिटौली माइनर में नोच रहे थे कुत्ते, गार्ड ने भगाए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोेहतक. टिटौली माइनर में बैग में मिला बच्ची का शव।

एक सप्ताह पुराने शव की हालत खराब होने के कारण पोस्टमार्टम में आएगी दिक्कत, दुराचार की अभी पुष्टि नहीं

भास्कर न्यूज | रोहतक

पूरे देश में कठुआ की 8 वर्षीय बच्ची की गैंगरेप के बाद हत्या को लेकर गुस्सा उबाल पर है, वहीं शनिवार को रोहतक में भी एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई। टिटौली माइनर में पुलिस को एक बैग में 10 वर्षीय बच्ची का गला-सड़ा शव बरामद हुआ है। बच्ची की हत्या के बाद शव को बैग में डालकर नहर में करीब एक सप्ताह पूर्व फेंका गया है। उसके एक हाथ का पंजा भी गायब है। टिटौली माइनर में पानी बंद होने के कारण बैग झाड़ियों में अटका हुआ था और कुत्ते उसे नोच रहे थे। हर्बल पार्क के गार्ड ने कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी। जम्मू के कठुआ कांड से सबक लेते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस की दो टीमें बच्ची के बारे में पता करने के लिए सोनीपत और पानीपत रवाना कर दी। दरअसल पुलिस को इनपुट मिले हैं कि खरखौदा और इसराना इलाके से ऐसी बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस ने 10 दिन में प्रदेश के सभी थानों से गुम होने वाली बच्चियों का रिकाॅर्ड मांगा है।

यह फोटो आपको विचलित कर सकता है, लेकिन सिस्टम को जगाने के लिए इसे दिखाना जरूरी है ताकि हत्यारे काे जल्द पकड़ा जा सके।

शव फूलने से फट गया था बैग, एक हाथ बाहर निकला था, पंजा गायब था

हर्बल पार्क के गार्ड ने देखकर पुलिस को बुलाया

बच्ची के शव को सबसे पहले टिटौली माइनर के पास बने हर्बल पार्क के गार्ड व समरगोपालपुर निवासी रामभगत ने देखा। रामभगत ने बताया कि वह किसी काम से माइनर पर गया था। वहां कुत्तों का एक झुंड एक बैग को फाड़ने की कोशिश कर रहा था। जब उसने कुत्तों को वहां से भगाकर बैग देखा तो उसमें शव था। अफसरों को सूचना देने के बाद वह तुरंत टिटौली पुलिस चौकी गया।

बच्ची का दायां हाथ बैग की चेन खुलने से बाहर निकला हुआ था। उसका पंजा गायब था। इसे शायद पानी में मछलियों ने खा लिया होगा। वहीं, शव कई दिन का पुराना होने से फूलने लगा था। बैग में बच्ची के दोनों पैर मुड़े हुए थे। शव फूलने से बैग कई जगह से फट गया था। बैग की जांच के दौरान पुलिस को कोई मार्का या सामान नहीं मिला है।

इसराना, खरखौदा, करनाल पहुंची रोहतक पुलिस टीम

पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से बच्ची के शव का फोटो वायरल किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें करनाल, खरखौदा व पानीपत के इसराना समेत कई थानों में जाकर वहां से डिटेल हासिल कर रही है।

माइनर में चार दिन पहले बंद हो गया था पानी

टिटौली माइनर में मिला बच्ची का शव पुलिस के अनुसार एक सप्ताह पुराना है। टिटौली माइनर में रिढाना हेड से पानी सप्लाई चार दिन से बंद है। रिढाना हेड शव मिलने की जगह से 12 किलोमीटर दूर है। ऐसे में पुलिस की जांच इस एंगल पर आगे बढ़ रही है कि चार दिन पहले 12 किलोमीटर पानी में शव बहकर यहां आया हाेगा। शव नहर में फेंका गया होगा।

पोस्टमार्टम के लिए चाहिए होंगे एक्सपर्ट

शव बुरी तरह से गला हुआ है। उसके साथ दरिंदगी हुई या नहीं इस पर पुलिस स्पष्ट नहीं है। सोमवार को बच्ची का पोस्टमार्टम होगा। शव की हालत देखकर कुछ पता होने की संभावना कम है। एक्सपर्ट पैनल ही निष्कर्ष निकाल सकता है।

खबरें और भी हैं...