निशांत की नाबाद अर्ध शतकीय पारी ने डीएम क्रिकेट एकेडमी को दिलाई जीत
रोहतक | द्वितीय मंगलराम मेमोरियल अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच रविवार को जींद रोड स्थित डीपीएस स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि वैश्य एजुकेशन सोसायटी के पूर्व प्रधान नवीन जैन ने पानीपत क्रिकेट एसोसिएशन व डीएम क्रिकेट एकेडमी की टीम से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई। आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक सेन ने बताया कि पानीपत क्रिकेट एसोसिएशन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम की ओर से अजय नांदल ने 30 रन, सचिन ने 27 व हनी सैनी ने 24 रन की पारी खेलते हुए 160 रन का स्कोर खड़ा किया।
क्षेत्ररक्षण कर रही डीएम क्रिकेट एकेडमी की तरफ से निशांत सिंधू ने 7.3 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट तथा राहुल भट्टी ने 7 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरे डीएम एकेडमी के बल्लेबाज निशांत सिंधू ने नाबाद 57 रन की पारी की बदौलत टीम 161 रन बना सकी। 26 रन देकर 4 विकेट व 57 रन की अर्द्ध शतकीय पारी खेलने वाले निशांत सिंधू को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। मैच के दौरान पूर्व भारतीय टीम के खिलाड़ी राजेंद्र गोयल, रामकुमार डोगरा, देशराज बंसल, पवन कुमार मित्तल, परमभूषण आर्य, भारत शर्मा, राजेश मित्तल, विनोद कुमार, अमित अफरीदी, विजय रोहिल्ला, समीर राणा, श्याम गुप्ता, प्रवीण डबास, प्रवीण शर्मा, आशीष गुप्ता, नरेश राजपूत मौजूद रहे।