पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • ढाई हजार रुपए में बेचे जा रहे रोडवेज के पास, स्कैन कॉपी से युवा कर रहे फ्री सफर

ढाई हजार रुपए में बेचे जा रहे रोडवेज के पास, स्कैन कॉपी से युवा कर रहे फ्री सफर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
छात्रों को दिए जा रहे रियायती पास ढाई ढाई हजार रुपए में बेचे जा रहे हैं। इन पास की स्कैन कॉपी पर दूसरा शख्स फोटो लगाकर बेरोकटोक बसों में सफर कर रोडवेज की आय को चपत लगा रहे हैं। फ्लाइंग टीम की चेकिंग में पकड़े जाने पर दोषियों को सजा के नाम पर सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है। एक सप्ताह में फ्लाइंग टीम की ओर से फर्जी पास के सहारे सफर करते पकड़े गए युवकों पर रोडवेज महाप्रबंधक की ओर से महज जुर्माना लगाने तक की कार्रवाई की गई है। जबकि रोडवेज के पास जुर्माना लगाने से लेकर एफआईआर दर्ज कराने तक का प्रावधान है। ऐसा तब हो रहा है जब रोडवेज जीएम खुद मानते हैं कि रियायती पास का गलत उपयोग किया जा रहा है। दोषियों से 20 हजार रुपए तक जुर्माना वसूला जाएगा।

केस 1: 6 अप्रैल को गढ़ी सांपला निवासी एक छात्र के पास दूसरा युवक सफर कर रहा था। दिल्ली बाईपास पुल के नीचे रोडवेज की फ्लाइंग टीम नंबर एक के प्रभारी सुभाष ने चेकिंग के दौरान शक होने पर युवक से पास के साथ आईडी कार्ड मांगा। तो पास और आईडी पर अलग फोटो मिलने से फर्जीवाड़ा सामने आया। उक्त युवक के खिलाफ लिखित शिकायत जीएम को दे दी गई।

केस 2: गिझी गांव के युवक ने पूरे साल रोहतक से अप डाउन करने के लिए एक छात्र से ढाई हजार रुपए में रियायती पास खरीद लिया। 7 अप्रैल को चेकिंग के दौरान फ्लाइंग टीम नंबर एक ने युवक से टिकट मांगा तो उसने रियायती पास दिखाया। पास और आईडी में फोटो में अंतर मिलने पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ। दोषी युवक ने स्वीकारा कि उसने ढाई हजार रुपए में पास खरीदा है।

केस 3: 13 अप्रैल को दिल्ली बाईपास चौक पर चेकिंग के दौरान फ्लाइंग टीम नंबर एक के प्रभारी सुभाषचंद्र ने सांपला से रोहतक आ रही बस की जांच की तो उसमें एक छात्र ने पास दिखाया। तो उसके द्वारा दिखाए गए रियायती पास के रंग में अंतर प्रतीत हुआ। पास की स्कैन कापी प्रतीत होने पर युवक को न्यू बस स्टैंड भेज दिया गया। लिखित शिकायत जीएम को दे दी गई है।

जीएम ने माना, रियायती पास का किया जा रहा है गलत उपयोग, 20 हजार रुपए तक वसूलेंगे जुर्माना

सभी आरोपियों पर लगेगा जुर्माना

रियायती पास का दुरुपयोग होने की शिकायत हमारे पास आई हैं। प्रथमदृष्टया जांच में दोषी पाए गए युवक छात्र हैं। इसलिए उनके अभिभावकों को बुलाकर पूछताछ करने के साथ जुर्माना लगाने संबंधी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधा का दुरुपयोग करने वाले युवकों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोहतक रोडवेज

प्रतिवर्ष 15 हजार छात्र, छात्राओं को जारी होता है रियायती पास

रोडवेज विभाग के पास शाखा के प्रभारी प्रदीप ने बताया कि प्रतिवर्ष शहर के बाहर के गांव व जिलों से आने वाले 15 हजार छात्र छात्राओं को पास उपलब्ध कराया जा रहा है। छात्राओं को 60 की बजाय अब 150 किमी तक सफर करने के लिए छात्रा रियायती पास दिया जा रहा है। रियायती पास बनवाने के लिए शिक्षण संस्थान की ओर से लिखित में आवेदन आता है। जिसके आधार पर रियायती पास जारी करने की प्रक्रिया शुरू होती है।

खबरें और भी हैं...