अक्षय तृतीया पर बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोग
अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को शहर में धार्मिक व वैवाहिक आयोजनों की धूम रही। पूरा दिन बाजारों में भी खूब चहल पहल रही। लोगों ने वाहन, आभूषण और अन्य जरूरी मनपसंद वस्तुओं की खरीदारी की। अबूझ साया होने की वजह से धर्मशालाओं व बैंक्वेट हॉल में विवाह महोत्सवों का तांता लगा रहा।
मंगल बेला में अलसुबह से ही देवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना शुरू कर दी इस अवसर पर भगवान विष्णु का षोडशोचार पूजन और अभिषेक किया गया। शास्त्रों की मान्यता के अनुसार सतयुग का पहला दिन माने जाने से अक्षय तृतीय के उपलक्ष्य में भक्तों ने सामर्थ्य के अनुसार दान कर पुण्य का लाभ लिया। भिवानी रोड स्थित दुर्ग्याणा मंदिर, श्री सनातन धर्म दुर्गा भवन मंदिर, गोकर्ण धाम, शिव मंदिर शिवाजी कॉलोनी व ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, बजरंग भवन मंदिर, गुफा वाला मंदिर मॉडल टाउन, पुरी धाम सहित सेक्टरों में स्थित मंदिरों में दिनभर लोगों के पूजा व दान का क्रम चला। पूरे दिन सर्वार्थ सिद्ध योग बनने से बाइक, कार, साइकिल और इलेक्ट्रानिक सामानों की खरीदारी के लिए लोग बाजार मेें डटे रहे।
मकान की खरीदारी के लिए कइयों ने एडवांस बुकिंग की। कृतिका नक्षत्र, आयुष्मान व सर्वार्थ सिद्ध योग और अबूझ साया के चलते शादियों की धूम रही। शहर के अधिकांश बैंक्वेट हाल, धर्मशालाओं में शहनाइयों की गूंज के बीच नव विवाहित जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।