अगर हाथी चश्मा पहनेगा तो क्या हाल होगा, सब जानते हैं
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने इनेलो-बसपा गठबंधन को लेकर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि अगर हाथी चश्मा पहनेगा तो क्या हाल होगा, सब जानते हैं। दोनों कमजोर आदमी हैं, जो मिलकर ये सोचते हैं कि कुछ परिवर्तन होगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं होगा। अगर परिवर्तन होगा तो कांग्रेस के पक्ष में होगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 29 अप्रैल की दिल्ली में होने वाले जनआक्रोश रैली में हरियाणा का कोई भी कांग्रेसी किसी रंग की पगड़ी नहीं पहनेगा। प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा है कि रैली में बिना पगड़ी के ही कांग्रेसी कार्यकर्ता जाएंगे। इस रैली के संबंध में तंवर ने बुधवार को रोहतक में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली और पत्रकारों से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि दिल्ली रैली में केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के बिगुल बजाया जाएगा। प्रदेश सरकार की खेल नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भी खिलाड़ी अपनी मेहनत से पदक लाए हैं। इसमें प्रदेश सरकार का कोई योगदान नहीं है, पर श्रेय लेने की होड़ लगी है। अशोक तंवर ने सीएम मनोहर लाल खट्टर पर शायराना अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आंधियों में कुछ इस बदहवाश हुए लोग, जो पेड़ खोखले थे, उन्हीं से लिपट गए। तंवर ने कहा कि सीएम सत्ता के नशे में हैं। सीएम का खुद ही तय नहीं है कि वे कहां से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
रोहतक. पत्रकारों को संबोधित करते अशोक तंवर।
29 अप्रैल की जन आक्रोश रैली से
होगी देश में बदलाव की शुरुआत
आगामी 29 अप्रैल को भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की जन आक्रोश रैली दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में की जाएगी। इसमें प्रदेश भर से कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ आक्रोश जाहिर करेंगे। यह जानकारी डॉ. अशोक तंवर ने कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने एक 10 सदस्यीय कमेटी का गठन कर लोगों को रैली में पहुंचाने का आह्वान किया। इस कमेटी में पूर्व मंत्री सुभाष बत्तरा, प्रदेश महासचिव प्रो. कुलताज सिंह, हरिओम कौशिक, एडवोकेट रमेश खुराना, संजय परमार, अनूप कटारिया, रमेश वाल्मीकि, कैप्टन कमलेश चहल, फकीर चंद, नरेन्द्र कौशिक व सुरेन्द्र सिंधु को शामिल किया गया है। बैठक में सूरज रसवंत, पंकज कपूर, महेंद्र बागड़ी, धर्म सिंह प्रजापति, अनिल, नरेन्द्र कौशिक, मनोज वशिष्ठ, सुनील शर्मा, प्रिंस, अनूप, अमित, रवींद्र मौजूद रहे।