सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर अब सीसीटीवी कैमरों से रखेंगे नजर
स्वच्छ भारत मिशन को लेकर नगर निगम ने बुधवार से शहरी स्वराज अभियान का शुभारंभ किया। 5 मई तक चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम में सर्वाधिक फोकस डोर टू डोर कूड़ा लिफ्टिंग पर रहेगा। इसका मकसद कूड़ा उठान के प्रथम स्तर पर ही सूखे और गीले कचरे को अलग अलग एकत्रित करना रहेगा। इसके अलावा इस अभियान में एक खास बात और रहेगी। प्रतिबंधित पॉलीथिन इस्तेमाल करने वाले शहरवासियों पर अभियान में पहचान की जाएगी। अगर कोई 50 माइक्रोन से कम के पॉलीथिन का प्रयोग करता मिलता है तो उस पर जुर्माना के अलावा एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। नगर निगम ने पॉलीथिन प्रतिबंध पर शहरवासियों से पॉलीथिन की बजाए जूट व कपड़े के थैले इस्तेमाल करने का आह्वान किया गया। अगले दो दिन शहरवासियों को इसके प्रति जागरूक अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान को लेकर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। मुख्य सफाई निरीक्षक से सफाई की डेली रिपोर्ट भी ली जाएगी। अपने क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को 5100 व 11 हजार रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
रोहतक. मानसरोवर पार्क में स्वच्छता की शपथ लेकर शहरी स्वराज अभियान की शुरुआत करते मत्री मनीष ग्रोवर व अन्य अधिकारी।
सीसीटीवी से करेंगे पहचान: मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर कूड़े की थैली को सड़क पर फेंक देते हैं। उनकी पहचान कर कार्रवाई के लिए मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि ऐसे तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जानी चाहिए।
डोर बेल बजाकर कूड़ा उठाएंगे : शहरी स्वराज अभियान 18 अप्रैल से 5 मई तक चलेगा और इस दौरान नगर निगम की गाड़ियां डोर बेल बजाकर कूड़ा उठाने का काम करेगी। लोगों को सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने तथा निर्धारित प्वाइंट पर कूड़ा डालने को प्रेरित किया जाएगा। अभियान में सामाजिक-धार्मिक व स्वयं सेवी संगठनों से आग्रह किया गया कि वे नगर को पॉलीथिन मुक्त करने मेंं सहयोग दें। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम के डीटीपी केके वार्ष्णेय, पार्षद जयकिशन शर्मा, जिला महामंत्री सतीश आहूजा, धीरज चावला, ईश्वर सिंघल, विकास बंसल, पदम ढुल, वजीर व कुलदीप आदि थे।
सफाई कार्य का आंकलन करेंगे
अभियान का शुभारंभ करते हुए मंत्री ग्रोवर ने सफाई कर्मियों को निशुल्क चिकित्सा सहायता व नकद पुरस्कार की सौगात दी। बुधवार की सुबह 6:30 बजे मानसरोवर पार्क में उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कहा कि शहरी क्षेत्र में सफाई के कार्य का आंकलन किया जाएगा। सफाई कर्मियों की जो भी टीम अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य करेगी, उसे आंकलन के आधार पर 5100 व 11 हजार रुपए की नकद राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी। ग्रोवर ने कहा कि सफाई कर्मचारी सैनिक की तरह काम कर रहे हैं। कर्मियों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर मेंे स्वास्थ्य की जांच और उपचार भी निशुल्क कराया जाएगा।