12 गांवों को जाने वाले रास्ते पर गंदे पानी की निकासी नहीं
कलानौर. गुढ़ाण गांव में कीचड़ पार कर स्कूल जाते हुए बच्चे।
भास्कर न्यूज | कलानौर
गुढ़ाण गांव में मुख्य मार्ग पर गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं हाेने से ग्रामीण परेशान है। ग्रामीण इसकी शिकायत पंचायत व उच्चाधिकारियों को कई बार कर चुके हैं। इस पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। सुबह से शाम तक काफी वाहन इस मार्ग से गुजरते है। यह रास्ता 12 गांवों को जोड़ता है। रोड पर बने गड्ढों से कई बार स्कूल जाते समय बच्चे गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं।
ग्रामीण राजेन्द्र तोमर, राकेश ढाका, नरेश पुनिया, सुनील, कमल, मनोज कुमार आदि ने बताया कि मुख्य मार्ग से गांव में आने वाले रास्ते पर जमा गंदे पानी की कोई निकासी नहीं है। इस सड़क पर गांव के घरेलू हिस्से का पानी आकर ठहर रहा है और साथ ही बरसात के समय में तो ग्रामीणों व आने-जाने राहगीरों का निकलना दुर्लभ हो रहा है। ग्राम पंचायत ने पक्के ओर कच्चा नाला खुदवाकर कुछ हद तक अंकुश पाने का प्रयास किया है।
शिकायत के बाद नहीं हो रहा समाधान
सरपंच अशोक का कहना है कि इस गंदे पानी की समस्या से एसडीओ, बीडीपीओ, जेई को अवगत कराया जा चुका है। इसकी शिकायत रोहतक जिला प्रशासन को भी भेजी है। रोड को ठीक करवाने के लिए भी कोई बार संबंधित विभाग को भी अवगत करवाया गया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।