एलीवेटेड रेलवे ट्रैक जनता के साथ धोखा : बतरा
पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा ने एलीवेटेड रेलवे ट्रैक के औचित्य पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे शहर की जनता के साथ धोखा बताया। कहा कि इसके बनने के बाद आसपास की गांधी कैंप, न्यू चिन्योट काॅलोनी व श्रीनगर काॅलोनी आदि के लोगों का जीवन कठिन हो जाएगा। जरूरत पड़ने पर उनके यहां तक अग्निशमन की गाड़ी भी नहीं पहुंच सकेगी। कॉलोनियों का रास्ता बंद हो जाएगा। ऊपर से रोहतक-पानीपत रेलवे ट्रैक से लगी काॅलोनियों में जमीन व मकान का रेट भी गिर जाएगा, जबकि कांग्रेस के शासन में इसके विकल्प में 185 करोड़ रुपए का जो प्रोजेक्ट तैयार किया था, वह शहरवासियों के हित में था। उससे ट्रैक के किनारे के निवासी जमीन की वैल्यू बढ़ने से करोड़पति हो जाते, क्योंकि योजना के तहत ट्रैक की जगह 85 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाना था। वे शुक्रवार को एक स्थानीय होटल मेें प्रेस कांफ्रेस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा इस प्रोजेक्ट पर 315 करोड़ रुपए खर्च कर रही है।