3639 छात्र-छात्राएं कल देंगे एसेसमेंट टेस्ट, 9 केंद्रों पर सवा 8 बजे से दिया जाएगा प्रवेश
नियम 134 ए के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 3639 बच्चे रविवार को जिले के 9 केंद्रों पर एसेसमेंट टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरेंगे। केंद्र में सुबह सवा आठ बजे से बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रश्नपत्र दो घंटे का है या तीन घंटे का, वो उसी पर प्रिंट रहेगा। बच्चे निर्धारित समय में टेस्ट देकर जा सकेंगे।
यह बात शुक्रवार को जिला माैलिक शिक्षा अधिकारी परमेश्वरी हुड्डा ने कही। उन्होंने नोडल अधिकारी सुरेंद्र हुड्डा, सभी पांच बीईओ के साथ एसेसमेंट टेस्ट की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राेहतक ब्लॉक में कक्षा दूसरी व तीसरी के बच्चे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, चौथी व पांचवीं कक्षा के बच्चे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर में, छठवीं व आठवीं कक्षा के बच्चे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर, 9वीं से 12वीं कक्षा के बच्चे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिसार रोड में परीक्षा देंगे, जबकि सांपला ब्लॉक में कक्षा दो से पांचवीं के बच्चे द राइज एकेडमी सीनियर सेकंडरी स्कूल में व कक्षा 6वीं से 12वीं तक के बच्चे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांपला में परीक्षा देंगे। कलानौर ब्लॉक राजकीय मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल, महम ब्लॉक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ व लाखनमाजरा ब्लॉक में कक्षा दो से 12वीं तक के बच्चे एसेसमेंट टेस्ट देंगे।
आधार कार्ड लाना किया अनिवार्य
अभिभावकों को इन बिंदुओं का रखना होगा ध्यान
1. परीक्षा केंद्र में पहुंचने का समय 8.15 बजे रहेगा।
2. परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से 12 बजे तक रहेगा।
3. केंद्र में 9 बजे के अनुमति नहीं दी जाएगी।
4.परीक्षा केंद्र में बच्चे को जो रोल नंबर दिया गया है, उसे लेकर आना अनिवार्य रहेगा।
5. परीक्षा के लिए बोर्ड और पेन साथ लेकर आएं।
6. पेंसिल से दी गई परीक्षा मान्य नहीं होगी।
7. परीक्षा में बच्चे को अपना आधार कार्ड लेकर अनिवार्य रहेगा।