पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • कोयला कम मिलने पर नहीं बन पा रही बिजली, गांवों में अब केवल एक घंटा दिन में सप्लाई, पानी का शेड्यूल भी गड़बड़ाया

कोयला कम मिलने पर नहीं बन पा रही बिजली, गांवों में अब केवल एक घंटा दिन में सप्लाई, पानी का शेड्यूल भी गड़बड़ाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गर्मी का सीजन आते ही जिले के गांवों में बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। गांवों में दिन के समय सिर्फ एक घंटा ही बिजली सप्लाई की जा रही है, जो पहले अमूमन दो घंटे आती थी। बताया जा रहा है कि काेयले की आपूर्ति कम होने से बिजली नहीं बन रही है। इस वजह से कटौती की गई है। हैरानी की बात यह है कि जब बिजली आती है तब पानी नहीं आता है और जब पानी आने का समय होता है तब बिजली की सप्लाई नहीं होती है। ऐसे में ग्रामीण पशोपेश में उलझे हुए हैं। इन्हीं दोनों मुद्दे को लेकर जिला परिषद की शुक्रवार को बैठक बुलाई गई। इसमें पार्षदों व ब्लाॅक समिति चेयरपर्सन ने भी समस्या बताई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरमैन बलराज कुंडू ने की। बैठक में बिजली-पानी की तंगी का मुद्दा सामने आते ही दोनों विभागों के एसई की ओर से अवैध कनेक्शन की बात उठाई कि चाहे बिजली हो या पानी दोनों के ही अवैध कनेक्शनों की भरमार बनी हुई है। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग मिले तो वे भी आगे बढ़कर समस्या का समाधान करने को तैयार हैं। इस पर पंचायत प्रतिनिधियों ने सहयोग देने की बात कही।

रोहतक. जिला विकास भवन में अधिकारियों की बैठक लेते जिला परिषद चेयरमैन बलराज कुंडू।

पुराने मीटरों की नहीं होगी जांच, उतरवा दो
पुराने बिजली मीटर बदलवाने के मामले के उठते ही पार्षदों के जवाब ने बिजली निगम के एसई को भी हैरान कर दिया। पार्षद बोले, जी ग्रामीण पुराने मीटर उतरवा तो दें, लेकिन उन्हें एक डर सता रहा है कि बिजली निगम उनके मीटर उतरवाकर लैब में उनकी जांच करवाएगा और फिर जुर्माना लगाएगा। इसलिए ग्रामीण इसका विरोध करते हैं। इस पर एसई बंसल ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, कोई जांच नहीं होगी। नए मीटर लगवा लिए जाएं।

अवैध कनेक्शनों से बर्बाद हो रहा है पानी : एसई
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसई ईश्वर चंद जैन ने कहा कि गांवों में पंचायत प्रतिनिधियों की मदद से ही अवैध पानी के कनेक्शन कटवाए जा सकते हैं। चूंकि जिसके भी गांव में जाते हैं, वहां पर कई तरह के मामले सामने आते हैं, लेकिन जनसहभागिता से यह सब संभव है। पानी की बर्बादी रोकी जा सकती है। अवैध कनेक्शन में अक्सर टूंटी भी नहीं मिलती है। वहीं लीकेज की समस्या का भी समाधान किया जा सकता है।

म्हारा गांव जगमग गांव योजना में 24 घंटे देंगे बिजली : एसई
बिजली निगम के एसई एसके बंसल ने कहा कि गांवों में अवैध कनेक्शन ज्यादा हैं। ग्रामीण बिजली के मीटर भी नहीं बदलवा रहे हैं। अवैध कनेक्शनों के जरिये खपत ज्यादा हो रही है और इसकी भरपाई भी नहीं हो पाती है। गांवों में म्हारा गांव जगमग गांव योजना शुरू की जानी चाहिए। 24 घंटे भी बिजली मिल सकती है। इसमें भी पंचायत प्रतिनिधि सामने आकर निगम के अधिकारियों की मदद करवाए।

नहीं उठाते फोन, एसई बोले-

बनाएंगे सोशल मीडिया ग्रुप
जिला परिषद चेयरमैन बलराज कुंडू ने महम के बिजली निगम के एसडीओ के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की कि वह फोन नहीं उठाते हैं और पार्षद भी इसके लिए अक्सर शिकायत करते रहते हैं। इसके बाद फैसला लिया गया कि अब सभी पंचायत प्रतिनिधियों, पार्षदों के साथ विभागों के अधिकारी सोशल मीडिया का ग्रुप बनाएंगे। इससे समस्या तुरंत उच्च अधिकारी तक चली जाएगी। इससे समस्या का समाधान भी त्वरित होगा।

नहीं रुकेगा कनेक्शन
बलराज कुंडू ने बताया कि यदि परिवार पर बिजली बिल पेंडिंग है और पिता की मृत्यु हो जाती है वह संतान बंटवारा कर लेती है, तो ऐसे केस में अब मीटर कनेक्शन बिल लंबित की वजह से नहीं रुकेगा। उन्हें कनेक्शन मिल सकेगा।

इन गांवों की उठी पानी की समस्याएं
गांव बैंसी की वाल्मीकि बस्ती में दो साल से पानी सप्लाई नहीं हो रही।

एक साल पहले टेंडर हुआ फिर भी पाइप नहीं बिछाए गए।

भैणी मातो की हरिजन बस्ती में पानी सप्लाई नहीं आ रही।

गांव गिरावड़ में पानी लीकेज की समस्या बनी है।

सिंहपुरा में पानी की लीकेज ज्यादा है, पाइप कई जगह से टूटी पड़ी है।

सुंडाना में कई दिनों में पानी सप्लाई आती है।

मुंगाण गांव में तलाब नहीं बन रहा और न ही ट्यूबवेल लग रहा है।

मोखरा खेड़ी, पिलाना, मोखरा रोज, पिलाना में पानी की दिक्कत बनी है।

बहु जमालपुर में पानी की लीकेज हैं और सप्लाई नहीं आती।

बहु अकबरपुर में दो साल से पेयजल समस्या बनी है।

सांपला डिग्गी में कुत्ता मरा है, कोई पानी नहीं पी सकता।

फरमाणा खास में लड़कियों के स्कूल में पानी का कनेक्शन नहीं है।

करौंथा में लीकेज के नाम पर कनेक्शन ही काट दिए गए।

सुंदरपुर के पास लाइन टूटी है, इस्माइला में ब्लाॅक है पाइप

बिजली की समस्या

एक साल से सीसर खास में खंभे लगे हैं, आजतक तार नहीं डाले गए।

बेडवा में खेतों से लाइन निकालकर रोड के साथ लगाई जाए।

भालौठ में पावर हाउस के लिए जमीन नीची है, बाउंड्री का टेंडर हो चुका है।

मोखरा गोशाला में ट्रासंफार्मर को बाहर निकाला जाए

करौंथा में चार महीने से खंभा टूटा पड़ा है कोई नहीं सुनता

गिरावड़ में घरों के ऊपर से लाइन गई है, उसे हटाया जाए।

15 दिन में आएगा कोयला, तब तक एक घंटे सप्लाई
गांवों की बिजली सप्लाई के मुद्दे पर एसई एसके बंसल ने कहा कि सीएमडी स्तर पर भी बिजली शेड्यूल को लेकर चर्चा की गई है। फिलहाल प्रदेश में कोयले की कमी की समस्या चल रही है। थर्मल प्लांट को पर्याप्त मात्रा में कोयला नहीं मिल पा रहा है। इससे बिजली की कमी चल रही है। ऐसे में 15 दिन में समस्या खत्म होते ही दो घंटे दिन में बिजली सप्लाई दी जा सकेगी। वहीं, पानी और बिजली एक ही समय पर सप्लाई हा़े सकें। इसके लिए भी जिला परिषद चेयरमैन बलराज कुंडू ने दोनों विभाग के अधिकारियों को सामंजस्य बिठाने को कहा है। इस बैठक में परिषद से अधीक्षक सरिता मलिक, ब्लाॅक चेयरमैन चांद सिंह कुंडू, पूनम देवी सांपला, पार्षद राजवंती, दिनेश, रेणु, मनोज फरमाणा, वाइस चेयरमैन मास्टर राजेंद्र, जलकरण बल्हारा शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...