इंटर लाॅकिंग की जगह अब मिस्टिक लेयर की सड़क बनेगी
किला रोड बाजार में टाइलें लगाने की जगह अब मिस्टिक लेयर की सड़क बनाई जाएगी। नगर निगम ने 83 लाख के प्रोजेक्ट का 50 फीसदी काम पूरा होने के बाद यह फैसला किया है, जबकि यहां 43 लाख रुपए में प्री कास्ट ड्रेन और 45 लाख रुपए की लागत से इंटर लॉकिंग टाइलें लगाई जानी थीं। इस बदलाव के चलते ड्रेन और सड़क का लेबल मिलाने के लिए सड़क पर दोबारा तोड़फोड़ करानी पड़ सकती है। वर्तमान स्थिति में ही मिस्टिक लेयर सड़क बनाने से दुकानदारों और यहां आने जाने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। नगर निगम ने वार्ड 14 अंतर्गत किला रोड बाजार में प्री कास्ट ड्रेन, टाइलें और हैंगिंग लाइटें लगाने का प्रोजेक्ट डेढ़ वर्ष पहले शुरू किया गया था, लेकिन बीच-बीच में कभी ठेकेदार व दुकानदारों के बीच विवाद तो कभी अधिकारियों की लापरवाही के चलते रुकावट आती रही। अब 50 प्रतिशत काम लगभग पूरा हो चुका है। प्री कास्ट ड्रेन बनाने के बाद उसे ढक दिया गया है। साथ ही लगभग 400 फीट तक टाइलें बिछ चुकी है। तब नगर निगम ने बाकी बची सड़क पर मिस्टिक लेयर की सड़क बनाने का टेंडर लगा दिया है। इस टेंडर 24.98 लाख रुपए अनुमानित लागत है। जमानत राशि 50 हजार और टेंडर खोलने की तारीख 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे है।
नगर निगम ने किला रोड पर सड़क निर्माण का 50 फीसदी प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद बदला प्लान
रोहतक. किला रोड पर बाजार में सड़क पर बिछाई गई इंटर लाॅकिंग टाइलें।
किला रोड पर मिस्टिक लेयर की बनेगी सड़क
जी हां! किला रोड के प्रोजेक्ट में बदलाव किया गया है। अब यहां मिस्टिक लेयर की सड़क बनाई जाएगी। इसका टेंडर लगाया गया है, लेकिन इस प्रोजेक्ट को म्युनिसिपल इंजीनियर सुमित नांदल देखते हैं। वही इसके बारे मेेें जानकारी दे सकते हैं। -राम प्रकाश, एक्सईएन नगर निगम
जब मिस्टिक लेयर डालनी थी तो क्यों बिछाई टाइलें?
किला रोड की सड़क सहकारिता मंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। फिर भी डेढ़ साल बाद अधूरा पड़ा है। इसको लेकर अधिकारियों का खेल चल रहा है। 50 प्रतिशत पूरा होने के बाद प्लान बदल दिया गया। अब यहां मिस्टिक लेयर की सड़क बनेगी। ऐतराज टाइल या मिस्टिक लेयर किसी पर नहीं है, लेकिन जब 24.98 लाख से मिस्टिक लेयर चलानी थी तो 45 लाख की इंटर लॉकिंग टाइलें बिछाने का प्रोजेक्ट क्यों तैयार किया गया? यह जनता के पैसे की बर्बादी है। इस पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। -नीरा भटनागर, पार्षद वार्ड 14