दो महीने पहले हुए हादसे की रिपोर्ट गैरइरादतन हत्या में दर्ज
रोहतक | नेहरू काॅलोनी के दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 फरवरी खरखौदा में रिश्तेदार के यहां शादी में गया था। वहां कार चालक दीपक यादव ने कहा कि मैं तुम्हें रोहतक तक छोड़ दूंगा। वह और जतिन, नीरज, सन्नी, मोहित कार में सवार होकर दीपक यादव के साथ रोहतक के लिए चल दिए। दीपक गाड़ी को तेज रफ्तार व लापरवाही से चला रहा था। गांव पाकसमा मोड़ के पास गाड़ी तेज रफ्तार होने के कारण पेड़ से टकरा गई। हादसे में जतिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन साथी घायल हो गए। इन्हें उसके भाई सूरज ने एम्बुलेंस की सहायता से पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। जहां वह और मोहित ज्यादा चोट होने के कारण पीजीआईएमएस में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।