कश्मीर की आसिफा को इंसाफ दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला
देश में महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। कश्मीर के कठुआ जिले में आठ साल की बच्ची आसिफा से हुए जघन्य दुराचार ने अब लोगों में रोष पैदा कर दिया। आसिफा को न्याय दिलाने शुक्रवार को कई संगठनों के लोग सड़क पर उतर आए। किसी ने कैंडल मार्च निकाल न्याय की मांग की तो किसी ने नारे लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया। सड़कों पर इंसाफ की मांग करते आसिफा के हमउम्र बच्चे भी नजर आए। आसिफा के साथ-साथ उन्नाव में हुए रेप मामले की न्यायिक जांच के लिए भी लोगों में रोष प्रदर्शन दिखा।
नन्हेें बच्चों ने जलाई इंसाफ की मांग में लौ
परिवर्तन पब्लिक स्कूल से जगदीश पार्क तक आसिफा को इंसाफ दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। इस मार्च में शहर के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने भाग लिया। समाजसेवी कन्हैया राठौर ने कहा कि यह कैंडल मार्च केवल आसिफा के लिए नहीं बल्कि हर उस बेटी के लिए है, जो आज भय के माहौल में जी रही है। इस अवसर पर समाजसेवी संदीप कांगड़ा, मोहित चौहान, राहुल जैन, प्रोफेसर कुलताज, जुगनू सेन, राकेश कुमार, शिवम मग्गू, संदीप पांचाल आदि मौजूद रहे।
उन्नाव मामले को लेकर रोष
शहीद भगत सिंह मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे एमडीयू का मेन गेट बंद कर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने यूपी के उन्नाव दुराचार मामले को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रधान जगपाल ने कहा कि देश में बेटियों को सुरक्षा मुहैया करवाने की सख्त जरूरत है। 10 मिनट तक गेट बंद करने के बाद शांतिपूर्वक कार्यकर्ताओं ने गेट खोला।
रोहतक. गांधी स्कूल के बच्चे आरोपियाें को सजा दिलाने के लिए रैली निकालते हुए।
बच्चों ने भी सड़क पर उतकर मांगा न्याय, जागते रहो के लगाए नारे
सेक्टर 3 स्थित गांधी स्कूल के बच्चों ने नारे लगा आसिफा को इंसाफ दिलाने की मांग की। हाथ में पोस्टर उठाए बच्चों ने गली गली घूम नारे लगाए। जागते रहो, अब जागने का वक्त आ गया है, आसिफा को न्याय दो... की नन्हें बच्चों की आवाजों से गलियां गूंज उठी। स्कूल के विद्यार्थियों ने संचालक नरेश कुमार के साथ मिलकर महिलाओं के प्रति हो रहे जघन्य अपराधों की मांग की।
रोहतक. परिवर्तन पब्लिक स्कूल के कैंडल मार्च निकालते हुए।
महिलाएं सुरक्षित नहीं, घटनाएं रुक नहीं रहीं
जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को दुराचार के मामलों पर रोक लगाने की मांग करते कैंडल मार्च निकाला। बापू पार्क तक कैंडल मार्च निकाल पीड़िता के लिए न्याय की मांग की। प्रदेश महासचिव प्रो. कुलताज सिंह ने कहा कि देश भर में बच्चियों के साथ दुराचार जैसी घिनौनी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार इनको रोकने की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही। ऐसे दरिंदों के लिए कड़ी से कड़ी सजा के लिए संघर्ष करना होगा। इस अवसर पर एडवोकेट आनंद हुड्डा, राजेन्द्र शर्मा, सत्यवान दहिया, आनंद हुड्डा, एडवोकेट रमेश खुराना, संजय परमार, रोहित दलाल, सतीश बंधु, सुरेन्द्र सिंधु, सतपाल टांक, सूरज रसवंत, पंकज कपूर, नरेन्द्र कौशिक, मनोज वशिष्ठ, सुनील शर्मा, प्रिंस साहनी, प्रिंस मल्होत्रा, अनूप कटारिया, संदीप कटारिया, अमित मलिक, प्रमोद सरपंच, सुरेन्द्र दलाल, नरेश खत्री, महेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
अपराधियों का पुतला फूंक किया प्रदर्शन
गोल्डस्मिथ एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड पर अपराधियों का पुतला फूंक विरोध-प्रदर्शन किया। अपराधियों की गिरफ्तारी व न्याय की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। इसके साथ ही व्यापारियों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। इस अवसर पर प्रधान राकेश वर्मा, अमित वर्मा, सोमनाथ मेहता, तिलकचंद सर्राफ, अमित, सुमित मित्तल, रवि वर्मा, नरेश वर्मा, प्रदीप आदि मौजूद रहे।
रोहतक. रेलवे रोड पर सुनारों वाली गली में दुराचारी का पुतला जलाते व्यापारी।