8 ट्रांसफार्मर लाए, फाल्ट आने पर तुरंत बदलेंगे
गर्मी के सीजन में ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने या जल जाने से काॅलोनियों में बिजली सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए बिजली निगम के अफसरों ने योजना तैयार कर ली है। रोहतक सर्कल में 200 व 400 केवी के ट्रांसफार्मर की संख्या में इजाफा किया है। जल्द ही 650 केवी का एक ट्रांसफार्मर स्टाेर में पहुंच जाएगा। 200 केवी के तीन ट्रांसफार्मर और आ जाने से अब निगम के पास अाठ ट्रांसफार्मर हो गए हैं। इनके सहारे अप्रैल, मई और जून माह की गर्मी में फाल्ट आने पर तुरंत समस्या का समाधान हो जाएगा।
सेक्टर तीन में दो दिन में ठीक हुआ था ट्रांसफार्मर
अगस्त 2017 में शहर के सेक्टर-3 स्थित पावर हाउस में लगा 132 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर शार्ट सर्किट होने के कारण जल गया था। इस वजह से सेक्टर दो, तीन व चार, सनसिटी काॅलोनी, बोहर, बलियाना, जसबीर कालोनी, कबीर कालोनी, बसंत विहार कालोनी में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को दो रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
मेंटेनेंस के निर्देश: उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के शेड्यूल में गर्मी 15 मई से 30 जून तक रहती है। सर्कल के अंतर्गत आने वाले सब डिवीजन में निर्देश दिए गए हैं कि 15 मई से पहले मेंटेनेंस कार्य पूरा कर लिया जाएगा ताकि डेढ़ माह के अंतराल में फाल्ट या ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में बिजली सप्लाई बाधित न हो।
तुरंत राहत दें : पिछली बार ट्रांसफार्मर जल जाने पर नया आने के इंतजार में ही पूरा दिन निकल गया था। इस वजह से कर्मचारियों को लोगों के रोष का सामना करना पड़ा था। एसई एसके बंसल ने बताया कि इस बार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्टॉक में रख लिए गए हैं ताकि फाल्ट आने पर तुरंत राहत दी जा सके। लोगों को गर्मी के मौसम में परेशानी नहीं हो इसके लिए यह कदम उठाया गया है।