दीवार पर गेंद मारने से गुस्साए पड़ोसी ने लेक्चरर के बेटे को बनाया बंधक
सेक्टर-1 में घर की दीवार पर गेंद मारने से नाराज होकर मकान मालिक ने पड़ोसी लेक्चरर के 9 वर्षीय बेटे समृद्ध को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा। कमरे में बंद बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसके दोस्तों ने बड़े भाई को जानकारी दी तो बामुश्किल दरवाजा खुलवाकर उसे छुड़वाया गया। दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई।
इसमें लेक्चरर और उसके भतीजे को चोट आई। इसके अलावा दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोट आई है। पुलिस ने लेक्चरर की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। समृद्ध की मां कविता ने बताया कि उसके बेटे को जबरदस्ती कमरे के अंदर बंद कर दिया। वह चिल्लाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। जब वे पड़ोसी के घर पहुंचे तो उसका बेटा घबराया हुआ था। अब तक उसका बेटा सहमा हुआ है।
साथ खेल रहे बच्चों ने बताया अंकल ने समृद्ध को कमरे में बंद कर दिया है : सेक्टर-1 में रहने वाले लेक्चरर जयपाल लठवाल ने बताया कि उसकी फरमाणा गांव में ड्यूटी है। मंगलवार को साढ़े छह बजे उसका 9 वर्षीय बेटा समृद्ध घर के पास ही गेंद से खेल रहा था। इसी वक्त उसके पड़ोसी रिटायर्ड टीचर के मकान की दीवार पर गेंद लग गई। आरोप है कि उसके बेटे के साथ रिटायर्ड टीचर ने मारपीट कर उसे कमरे में बंधक बना लिया। वे उसकी तलाश करते रहे। करीब 7:45 पर समृद्ध के पास खेल रहे बच्चों ने उन्हें बताया कि उसे अंकल ने बंद कर रखा है। जब वे अपने बेटे को उससे छुड़वाने के लिए गए तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। चोटिल लेक्चरर और उसके भतीजे सुधीर को पीजीआई में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिम उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी।
रोहतक. सेक्टर 1 में अपने घर पहुंचने के बाद समृद्ध को दुलारती उसकी मां कविता।