लव मैरिज के बाद रेप का केस, अब बयान से पलटी
शादी से 11 दिन पहले सहपाठी पर अपहरण, दुष्कर्म और जबरदस्ती शादी करने का मामला दर्ज कराने वाली छात्रा बयान से पलट गई। अब छात्रा ने सहपाठी के पक्ष में बयान दिए और मर्जी से लव मैरिज करने की बात कही। युवक ने भी शादी का सर्टिफिकेट दिखाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को सेफ हाउस में भेज दिया।
महम की एक छात्रा ने महिला थाना पुलिस को 15 अप्रैल को शिकायत दी थी कि वह 11 अप्रैल को अपने घर से कॉलेज जा रही थी। बीच रास्ते में पूठी गांव के एक युवक ने उसका अपहरण कर लिया और दुष्कर्म किया। इसके बाद पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ आर्य समाज मंदिर में ले जाकर जबरन शादी की। खाली पेपर पर हस्ताक्षर भी करा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक शमशेर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन मंगलवार को छात्रा ने दोबारा बयान दिए, जिसमें पूरा मामला ही पलट गया। छात्रा ने बयान दिए कि वह युवक को पसंद करती है और उसके साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं हुई। उसने अपनी मर्जी से ही शादी की है। डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि दोनों को सेफ हाउस में भेज दिया गया है।
नाबालिग ने रेप के आरोप नकारे तो पिता ने ठुकराया
रोहतक | पिता की शिकायत पर उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुराचार करने का केस पुलिस ने दर्ज किया था। थाना अर्बन स्टेट पुलिस ने मंगलवार को किशोरी को बयान के लिए बुलाया। जहां लड़की ने बताया कि उसके साथ कुछ गलत नहीं हुआ है। युवक उसका दोस्त है। साथ ही युवती ने अपने पिता के साथ जाने से मना कर दिया। वहीं पिता ने भी उसे साथ लेकर जाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को बहादुरगढ़ बाल गृह में भेज दिया है। जींद के एक गांव के व्यक्ति ने तीन दिन पहले पुलिस को शिकायत दी थी उसकी 16 वर्षीय बेटी रोहतक में अपनी बहन के साथ रहती है। कमल काॅलोनी के धीरेंद्र ने उसकी बेटी के साथ ओमेक्स सिटी में 10 जनवरी को दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।