स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगी निगम की टीम
स्वच्छता को लेकर नगर निगम की ओर से शहरी स्वराज अभियान 18 अप्रैल से चलाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में बुधवार को सुबह साढ़े 6 बजे मानसरोवर पार्क के समक्ष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसका शुभारंभ सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर करेंगे। इस अभियान के तहत डोर टू डोर कूड़ा लिफ्टिंग, शहर के चौक चौराहों की सफाई और गलियों मोहल्लों में स्वच्छता को लेकर पूरी नगर निगम की टीम शामिल रहेगी। साथ ही शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की जाएगी। यह जानकारी डीटीपी नगर निगम केके वार्ष्णेय ने दी। इस मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में डीआरडीए भवन में बैठक की गई। इस बैठक में व्यापार मंडल, स्कूल व कॉलेज के प्रिंसिपल, स्वयं सहायता समूह व सक्षम युवाओं ने भाग लिया। इसमें विशेष तौर पर घर व दुकानों में हरे व नीले रंग की कूड़ेदान रखने की सलाह दी गई। साथ ही प्लास्टिक की थैली का भी प्रयोग न करने को कहा गया है। इसके स्थान पर कपड़े, जूट या नॉन वूवन क्लाथ के थैले का प्रयोग करने को कहा गया है।
शहरी स्वराज अभियान आज से, प्लास्टिक थैली का प्रयोग न करने की सलाह
रोहतक. स्वच्छता अभियान को लेकर बैठक करते कमिश्नर प्रदीप कुमार।
कूड़े की शिकायत टोल फ्री नंबर पर करें
नगर निगम की ओर से एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। इस टोल फ्री नंबर 18001805007 पर सूचना देकर भी नगर निगम वासी कचरा उठवाने के लिए शिकायत कर सकते हैं।