फाटक बंद रखने पर ग्रामीणों ने सिंहपुरा में रोका ट्रैक बोले- आज नहीं खोला तो नहीं गुजरने देंगे कोई भी ट्रेन
सिंहपुरा गांव के रेलवे फाटक पर रविवार देर रात गेटमैन पर जानलेवा हमले के बाद लगातार दूसरे दिन मंगलवार को गेट नंबर 66 सी बंद रहा। गेट नंबर 65 सी को यातायात संचालन के लिए चालू कर दिया गया है। दूसरा फाटक बंद होने से ग्रामीणों को तीन किमी घूम कर निकलना पड़ रहा है। रेलवे अफसरों की फाटक न खोले जाने से नाराज सरपंच प्रमोद, पूर्व सरपंच ऋषि सहारण, अठगामा खाप के प्रधान वेदप्रकाश आर्य सहित 50 की संख्या में ग्रामीण दोपहर एक बजे रोहतक रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। कच्चा बेरी फाटक के समीप बने पीडब्ल्यूवाई के दफ्तर पर पहुंचकर एडीईएन सुमन बल्हारा व एसएसई आईए खान से मिले। 20 मिनट चली वार्ता में सरपंच प्रमोद ने ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली दिक्कतों का हवाला दिया। पूर्व सरपंच ऋषिपाल ने कहा कि एडीईएन बल्हारा ने दिल्ली से गेट बंद करने के आदेश का हवाला देकर फाटक खोलने से मना कर दिया। नाराज ग्रामीणों ने अप ट्रैक पर जाकर बैठ गए। ग्रामीणों की ओर ट्रैक बाधित करने की जानकारी मिलते ही जीअारपी-आरपीएफ में हड़कंप मच गया। जीआरपी एसएचओ नरेंद्र सिंह, एसआई वीरेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को ट्रैक से हटाकर वार्ता से समाधान निकालने के लिए मनाया। सरपंच प्रमोद व पूर्व सरपंच ऋषिपाल की उपस्थिति में शाम को गांव में लगाई गई पंचायत में सहमति बनी कि बुधवार दोपहर 12 बजे रेलवे फाटक नहीं खोला गया तो पूरे गांव की महिलाएं, बच्चे व पुरुष गेट नंबर 66 सी को बाधित कर रेल रोकेंगे। सुबह 10 बजे एक प्रतिनिधिमंडल एडीसी से मिलकर समस्या का हल निकालने की मांग करेगा।
रोहतक. सिंहपुरा गांव स्थित रेलवे फाटक बंद होने की समस्या को लेकर पंचायत करने के दौरान मौजूद ग्रामीण।
पीड़ित गेटमैन ने दो अज्ञात युवकों
के खिलाफ दर्ज कराए बयान
गेटमैन बलबीर ने घटना के 48 घंटे बाद जीआरपी के एसआई नरेश कुमार को लिखित में बयान दर्ज कराए। बयान में बलबीर ने कहा कि रात डेढ़ बजे वह गेट नंबर 66 सी नंबर पर ड्यूटी पर था। कच्छा-बनियान पहने दो युवक मुंह पर काला कपड़ा बांधकर आए। लाठी डंडे से लैस युवकों ने आते ही उस पर हमला कर दिया। वाहन भी वो दूर छोड़कर आए थे। एसआई नरेश ने बताया कि बलबीर के बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि हमलावर आसपास के गांव से ही हैं। दो अज्ञात युवकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमले के जुर्म में केस दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
रोहतक. सिंहपुरा गांव स्थित बंद रेलवे फाटक।
प्रतिदिन पांच हजार वाहनों का है अावागमन
पूर्व सरपंच ऋषिपाल ने बताया कि गेट नंबर 66 सी से प्रतिदिन करीब पांच हजार वाहनों का आवागमन होता है। गांव में पले पशु भी खेतों में चरने के लिए जाते हैं। मंगलवार को गेट नंबर 65 सी और 66 सी बंद होने से फाटक बंद होने पर वाहनों को आठ किमी तक घूमकर जाना पड़ा। बुधवार को गेट नंबर 65 सी को यातायात संचालन के लिए खोल दिया गया तो राहत मिली। फिर भी ग्रामीणों को तीन किमी घूमकर जाना पड़ रहा है। गांव में पले पशु चरने के लिए खेतों में नहीं जा पा रहे हैं। पूरे गांव ने फैसला लिया है कि यदि बुधवार दोपहर 12 बजे तक फाटक नहीं खुला तो ट्रैक पर जाम लगाया जाएगा।