पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

122 आपत्तियां दरकिनार, वार्डबंदी पर मुहर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई वार्डबंदी के खिलाफ दर्ज हुई 122 आपत्तियों को दरकिनार करते हुए बुधवार को फाइनल नोटिफिकेशन जारी हो गया। बिना किसी बदलाव के नगर निगम की नई वार्डबंदी को अंतिम रूप देते हुए स्थानीय शहरी निकाय के डायरेक्टर ने इसके फाइनल नोटिफिकेशन पर मुहर लगा दी। नई वार्डबंदी के मुताबिक अब नगर निगम क्षेत्र 22 वार्डों का होगा। वार्डों के आरक्षण के लिए अगले सप्ताह एडहॉक कमेटी की मीटिंग बुलाई जा सकती हैं। इसमें एससी और बीसी वार्ड और महिलाओं के आरक्षित वार्डों का निर्णय किया जाएगा। अब नगर निगम की ओर से वोटर लिस्ट बनाने का भी काम शुरू कर दिया है।

वार्डाें के रिजर्वेशन के लिए अगले सप्ताह बैठक

एससी और बीसी वार्डों का निर्धारण वार्डों की जनसंख्या के आधार पर होना है। इस दृष्टि से वार्ड नंबर 1 और वार्ड नंबर 7 बीसी कैंडिडेट के लिए और वार्ड 3, वार्ड 5, वार्ड 6 और वार्ड 20 जनसंख्या के हिसाब से एससी कैंडिडेट के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं। नगर निगम की ओर से आरक्षित वार्डों के स्वरूप को फाइनल करने के लिए अगले हफ्ते वार्डबंदी के लिए गठित कमेटी की बैठक बुलाई जा सकती है। इसमें बीसी के लिए 2 वार्ड और एससी के लिए 4 वार्ड और महिलाओं के लिए अलग से 6 वार्ड आरक्षित किए जाने हैं। एसी के चार वर्गों में ही 2 वार्ड महिला कैंडिडेट के लिए रिजर्व किए जाएंगे। इन का निर्धारण लॉटरी सिस्टम के तहत किया जाएगा।

वोटर लिस्ट बनाने में

ये आ सकती है चुनौती

नगर निगम के पुराने वार्ड 14 का बूथ नंबर 66 दो हिस्सों में बंटा हुआ है। इसके 70 फीसदी वोटर नई वार्डबंदी के वार्ड 4 और 30 प्रतिशत वोटर वार्ड 17 में शामिल किए गए हैं। इसी वार्ड के बूथ नंबर 67 के 70 फीसदी वोटर वार्ड 17 में और 30 फीसदी वोटर वार्ड 4 में शामिल हैं। ऐसे ही 72 बूथ नंबर के 95 प्रतिशत वोटर वार्ड 17 और 5 प्रतिशत वोटर वार्ड 4 में रखे गए हैं। दूसरी ओर कलानौर हलका के बूथ नंबर 54 के 25 फीसदी मतदाताओं को नए वार्ड 4 और 75 प्रतिशत मतदाताओं को नए वार्ड 2 में रखा गया है। एक ही बूथ के 2 वार्ड में विभाजित होने से नई वार्डबंदी के हिसाब से वोटर लिस्ट तैयार करना नगर निगम के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।

बैठक कर लेंगे फैसला

पता चला है कि नई वार्डबंदी की फाइनल नोटिफिकेशन आ गई है। अगले 2 दिन के अंदर पार्षदों की बैठक बुलाएंगे। इसमें तय किया जाएगा कि वार्ड बंदी को लेकर दावे-आपत्तियों पर कोर्ट में अपील करना है अथवा अब चुनाव लड़ना है। -गुलशन ईश्पुनियानी, पार्षद वार्ड-12

जल्द बुलाएंगे मीटिंग

नगर निगम रोहतक की नई वार्डबंदी की फाइनल नोटिफिकेशन चंडीगढ़ से आ गई है। इसे वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है। निगम क्षेत्र में वोटर लिस्ट बनाने का काम शुरू है। जल्दी ही एडहॉक कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। आरक्षित होने वाले वार्डों के स्वरूप को अंतिम रूप प्रदान किया जाएगा। मेयर का पद सामान्य श्रेणी का रहेगा। -केके वार्ष्णेय, डीटीपी, नगर निगम

वार्डबंदी पर कोर्ट जाएंगे

चंडीगढ़ मुख्यालय से हम नई वार्डबंदी की फाइनल नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे थे। वार्ड बंदी को हूबहू फाइनल किया गया है। दो-तीन दिन के अंदर ही पार्षदों से बातचीत कर हम नई वार्ड बंदी के खिलाफ हाईकोर्ट में जरूर पिटीशन दायर करेंगे। -अनिता मिगलानी, पार्षद वार्ड-11

दायर करेंगे पिटीशन

नई वार्डबंदी को लेकर वार्ड सामान्य करवाओ समिति के सदस्यों की 2 दिन में बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सर्व सम्मति से अगली रणनीति तय करेंगे। वैसे हमारी पूरी तैयारी सौ फीसदी हाईकोर्ट में नई वार्ड बंदी को लेकर अपील करने की है। कोर्ट से हमें न्याय मिलेगा। -कपिल नागपाल, प्रधान गोहाना अड्डा ट्रेडर्स एसोसिएशन

आपत्तियां जताने वालों के पास

अब कोर्ट जाने का ही विकल्प बचा

नई वार्डबंदी पर अब बिना कोर्ट के हस्तक्षेप के बदलाव की कोई उम्मीद नहीं है। इधर कांग्रेसी पार्षदों एवं शहर वासियों की ओर से दावे-आपत्तियों पर सुनवाई नहीं किए जाने पर कोर्ट जाने का फैसला किया गया है। नगर निगम के डिप्टी मेयर अशोक भाटी, पार्षद गुलशन ईश्पुनियानी, पार्षद संजय सैनी और पार्षद अनीता मिगलानी की ओर से नगर निगम में नई वार्डबंदी पर दावे-आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं।

यह भी सच : 6 पिटीशन के बावजूद हुआ था 2013 में चुनाव

वर्ष 2013 में भी वार्ड बंदी हुई थी। इसकी फाइनल नोटिफिकेशन आने के बाद हाईकोर्ट में 6 पिटिशन दायर की गई थीं। इसके बावजूद नगर निगम के चुनाव के लिए 2 जून 2013 को मतदान करा लिया गया। इस बार भी सरकार के रुख पर आगे की रणनीति तय होगी।

चुनाव पर संशय

चंडीगढ़ से नई वार्डबंदी की फाइनल नोटिफिकेशन जारी करने की खबर आई है, लेकिन जिन लोगों ने दावे-आपत्तियां दाखिल की हैं और उनकी समस्या नहीं सुनी गई है वे लोग पक्का अदालत जाएंगे। -रेणु डाबला, मेयर नगर निगम

खबरें और भी हैं...