पीजीआई में बनेगी 500 बेड की नई इमरजेंसी, 10 करोड़ का बजट मंजूर
रोहतक | पीजीआई में स्वास्थ सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 500 बेड की नई इमरजेंसी का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए दस करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर लिया है। नई इमरजेंसी ट्रामा सेंटर के पास छह मंजिला इमारत में बनाई जाएगी। नई इमरजेंसी के भवन का नक्शा तैयार हो गया है। पीजीआई की इमरजेंसी सुविधा का ये बड़ा बदलाव 58 साल बाद किया गया है। वर्ष 1960 में हेल्थ विवि के शुरू होने के साथ ही इमरजेंसी को शुरू कर दिया गया था। इमरजेंसी में फिलहाल 90 बेड है। जबकि यहां आने वाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। हालांकि ट्रामा सेंटर के शुरू होने से दुर्घटनाओं से जुड़े मरीजों की संख्या में कमी आई है। हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. ओपी कालरा ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पीजीआई में नई इमरजेंसी का निर्माण होगा।