डिजिटल साइन ने अटकाया 90 हजार शिक्षकों का वेतन
स्कूल शिक्षा विभाग के 90 हजार शिक्षकों का वेतन नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही अटक गया है। एक माह का वेतन दूसरे माह के 13 दिन बाद भी नहीं आने से शिक्षकों में रोष पनपने लगा है। वजह डिजिटल हस्ताक्षर न होना है। पंचकूला स्तर से डोंगल तैयार होने का मैसेज तो जारी कर दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी डीडीओ को डोंगल उपलब्ध नहीं हुए। लिहाजा पे स्लिप पर डीडीओ डिजिटल सिग्नेचर नहीं कर पा रहे। संभावना जताई जा रही है कि अभी इस माह भी वेतन नहीं जारी हो पाएगा।
शिक्षकों ने एक सप्ताह में वेतन जारी नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
शिक्षा विभाग ने दी थी ट्रेनिंग
हरियाणा मास्टर्स वर्ग एसोसिएशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के डायरेक्टर को एक सप्ताह में वेतन जारी करने की मोहलत देते हुए चेतावनी दी कि शिक्षकों का वेतन नहीं जारी हुआ तो जिलों में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश में 17,442 स्कूलों में 90 हजार से अधिक शिक्षक पदस्थ हैं। डिजिटलाइजेशन के बाद स्टाफ को सैलरी देने की प्रक्रिया में कोई फेरबदल नहीं होगा। नए साल की शुरुआत में शिक्षा विभाग ने जिलास्तर पर ट्रेनिंग सत्र में भी आयोजित करवाए थे। शिक्षा विभाग ने बजट जारी कर दिया, लेकिन डीडीओ के पास तक डिजिटल सिग्नेचर नहीं पहुंचे।
वेतन पर जीवनयापन वाले कर्मचारी के लिए एक माह का वेतन देर से आना, काफी कष्टदायी होता है। डिजिटल सिग्नेचर के आधार पर सिर्फ वेतन रोकने की बात मनमानी को दर्शाती है। हमारी मांग है कि शिक्षा विभाग एक सप्ताह के अंदर वेतन जारी करे, वरना प्रदर्शन करेंगे। -रमेश मलिक, राज्य प्रधान, हरियाणा मास्टर्स वर्ग एसोसिएशन
बैठक के बाद डिप्टी डीईओ को सौंपा ज्ञापन
हरियाणा मास्टर्स वर्ग एसोसिएशन की जिला ईकाई की मीटिंग में शुक्रवार को रोहतक में हुई। शिक्षकों ने मीटिंग में वेतन नहीं मिलने से जीवनयापन में आने वाली समस्याएं गिनाईं। जिला प्रधान मनोज सहारण ने कहा कि डिजिटल सिग्नेचर के नाम पर सरकार वेतन देने के मामले में शिक्षकों को परेशान कर रही है। सरकार बिना होमवर्क योजनाएं ला रही हैै। मीटिंग के बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में शामिल जसमेर हुड्डा, सुदेश कुमारी, कैलाश भटनागर, नरेंद्र कुमार, जयभगवान, राकेश नरवाल, राजेश ढुल ने डिप्टी डीईओ रोहताश वर्मा को ज्ञापन दिया।