- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- सहकारिता मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे निकाय कर्मियों को पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर रोका तो वहीं करते रहे नारेबाजी
सहकारिता मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे निकाय कर्मियों को पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर रोका तो वहीं करते रहे नारेबाजी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ चंडीगढ़ में नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल की तय वार्ता बुधवार को किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। इसके चलते संघ और सर्व कर्मचारी संघ की ओर से एसकेएस के सुखपुरा चौक स्थित कार्यालय पर प्रदेश स्तरीय बैठक 17 मई को सुबह 9 बजे आयोजित की जाएगी। इसमें नगर पालिका कर्मचारी संघ की इकाइयां प्रधान व सचिवों को आमंत्रित किया गया। इस मौके पर आंदोलन की अगली रणनीति तय होगी। इधर बुधवार को भी नगर निगम कार्यालय परिसर में सुबह 8:30 बजे से धरना शुरू हुअा। इसमें विभिन्न विभागों की कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों ने भागीदारी की। दोपहर 12:30 बजे वे जुलूस के रूप में अंबेडकर चौक, सोनीपत स्टैंड, सुभाष चौक होते हुए सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के आवास की ओर बढ़ने लगे, लेकिन पहले से ही बैरीकेड्स लगाकर मुस्तैद बैठी पुलिस बल ने उन्हें स्टेट बैंक तिराहे पर रोक लिया। इस पर वहीं खड़े होकर निकाय कर्मी नारेबाजी करने लगे। उन्होंने सरकार, मुख्यमंत्री और सहकारिता मंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी की। हड़तालियों ने मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे पंकज आनंद को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। नगर पालिका कर्मचारी संघ की प्रदेश कारिणी सदस्य अशोक थोरिया ने बताया कि गुरुवार को भी हड़ताल जारी रहेगी। यदि सरकार ने मांगें अस्वीकार की तो 17 मई के बाद हड़ताल अनिश्चितकालीन हो सकती है।
रोहतक.नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल के दौरान सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के आवास का घेराव करने पहुंचे तो पुलिसकर्मियो ने बेरिकेड्स लगाकर रोका।
मक्खी मच्छरों से संक्रामक
रोगों का खतरा बढ़ा
राेहतक | नगर निगम की ओर से दो दिन से रात में चलाया जा रहा कूड़ा हटाओ अभियान नाकाफी साबित हो रहा है, क्योंकि सबसे ज्यादा परेशानी पुराने शहर के दो दर्जन से अधिक मोहल्लों में है। जहां सैकड़ों टन कचरा गली-मोहल्लों के चौकों व जगह जगह फैलकर सड़ने लगा है। ऊपर से मंगलवार-बुधवार की रात तूफान के साथ हुई बारिश ने हालात बिगाड़ दी। कूड़े के ढेर में पड़ी गंदगी पानी के साथ बहकर लोगों के घरों तक पहुंच रही है। साथ ही मक्खी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। झज्जर रोड, आर्य नगर, दिल्ली रोड, भिवानी स्टैंड, गोहाना अड्डा, सुभाष रोड, जींद रोड, माता दरवाजा रोड व अंबेडकर चौक आदि क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
कार्यालय में बैठने को अफसर ले रहे इजाजत
नगर निगम कार्यालय परिसर में चल रहे निकाय कर्मियों के प्रदर्शन के चलते 8 दिन में हालात बदल गए हैं। कल तक पूछकर कार्यालय में जाने वाले सफाई कर्मियों से अधिकारियों को अपने कार्यालय में बैठने के लिए इजाजत लेनी पड़ रही है। लगातार कार्यालय में तालाबंदी के चलते नगर निगम का कामकाज ठप पड़ा है। जहां नागरिक सुविधा केंद्र से जुड़े सारे काम प्रभावित हैं। वहीं, चंडीगढ़ मुख्यालय से जरूरी पत्रों का आदान प्रदान नहीं हो पा रहा है।
निकाय कर्मियों के
समर्थन में सभा
निकाय कर्मचारियों के समर्थन में मानसरोवर पार्क में बुधवार को जनसभा करके सीटू की तमाम यूनियनों ने समर्थन करते हुए प्रदर्शन किया। नेतृत्व सीटू जिला प्रधान सतबीर पाकस्मा ने व संचालन सीटू जिला सचिव प्रकाशचंद्र ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष विनोद ने कहा कि सरकार हठधर्मिता छोड़कर चुनाव के दौरान किए गए वायदे को पूरा करना चाहिए। प्रदर्शन में भवन निर्माण कामगार यूनियन के राज्य सचिव व सीटू सहसचिव विनोद, भवन निर्माण कामगार यूनियन जिला प्रधान रामभगत, संजीव, नरेश शिमली, आशा वर्कर की जिला कोषाध्यक्ष कमलेश लाहली, मिड डे मील वर्कर्स यूनियन जिला उपप्रधान बबीता, बाला पहरावर, कमलेश, लक्ष्मी, बिमला, प्रकाशी व मानसिंह आदि शामिल रहे।
रोहतक. कोर्ट स्थित एसबीआई बैंक के पास फैली हुई गंदगी।
हाईकोर्ट में दस्तावेज समय से
जमा नहीं कर सके
निकाय कर्मियों की हड़ताल के चलते किला रोड निवासी विनोद जैन हाईकोर्ट में अपने मुकदमे से संबंधित दस्तावेज समय से जमा नहीं कर सके। 15 मई को ही उनकी तारीख थी, लेकिन कार्यालय बंद होने से जरूरी दस्तावेज उन्हें नहीं मिल सका। इससे आक्रोशित जैन ने बताया कि बाजार में अतिक्रमण को लेकर उन्होंने रिट दायर की थी।
आधार कार्ड नहीं बन पाया
सेक्टर एक निवासी मनीष जैन प|ी इंदू साहनी का आधारकार्ड बनवाने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचे तो बताया गया कि हड़ताल के कारण नागरिक सुविधा केंद्र बंद है तो उन्हें निराश होना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनका बांग्लादेश में कपड़े का कारोबार है। प|ी को साथ ले जाने के लिए उनका पैनकार्ड बनवाना जरूरी है।