अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के बदमाशों की तलाश में सोनीपत-पानीपत में की छापेमारी
पुलिस की एवीटी टीम ने अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के बदमाशों की तलाश में सोनीपत और पानीपत में छापेमारी की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के कुछ बदमाश पानीपत के गांव राणा माजरा में छिपे हैं। छापेमारी में कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके अलावा पुलिस ने सोनीपत में भी छापेमारी की। अब पुलिस नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और गाजियाबाद में आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। वारदात करने के बाद आरोपी अपने इन्हीं ठिकानों पर पहुंचते है। पुलिस को अभी तक इन ठिकानों के बारे में कोई भी सुराग नहीं मिला है, लेकिन इनका पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद ली जा रही है। फिलहाल पुलिस सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर की रिश्तेदार ममता अरोड़ा के गले से चेन तोड़ने वाले यूपी के शामली स्थित गांव अहमदगढ़ का रंधावा और खानपुर के सहवाग की तलाश है।
स्नेचिंग गिरोह के बदमाशों की फोटो जारी
रोहतक | जिला पुलिस ने सहकारिता मंत्री की रिश्तेदार के गले से चेन तोड़ने वाले अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के 36 बदमाशों की फोटो सार्वजनिक कर दी है। बदमाशों की फोटो के फ्लेक्स को पुलिस के फेसबुक पेज पर शेयर किया गया है। इसके अलावा फ्लेक्स को सभी थानों और चौकियों सहित सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया है। रोहतक भास्कर के 15 मई के अंक में पेज नंबर छह पर अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के बदमाशों की फोटो सहित खबर प्रकाशित की थी। एवीटी इंचार्ज मनोज वर्मा ने जांच पड़ताल करके प्रदेश में सक्रिय सभी बदमाशों के फोटो जुटाए थे। अब पुलिस ने आरोपियों की तलाश में वेस्ट यूपी में छापेमारी शुरू कर दी है। हालांकि गिरोह का कोई बदमाश अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। 23 अप्रैल को सुबह रोहतक के सोनीपत स्टैंड पर दुकान के बाइक सवार दो बदमाश सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर की रिश्तेदार मानसरोवर कॉलोनी निवासी ममता अरोड़ा से सरेआम चेन छीनकर फरार हो गए थे। 49 वर्षीय पूर्व अध्यापिका ममता ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी एक्टिवा पर बाइक सवार स्नेचरों का दो किलोमीटर तक पीछा किया था। इस कोशिश में उनकी एक टांग भी टूट गई थी। बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के बदमाश है। गिरोह के बदमाश सात राज्यों के 60 थानों में वांटेड है।