स्टेशन पर आरपीएफ को मिला जींद का किशोर, बोला-मां ने नहर में नहाने से मना किया तो नाराज होकर घर से भागा हूं
मां ने इकलौते बेटे को डूबने के डर से नहर में नहाने से मना किया तो 13 वर्षीय बेटा नाराज होकर घर से भाग गया। मंगलवार शाम को पैसेंजर ट्रेन पकड़कर रोहतक रेलवे स्टेशन पर आ गया। प्लेटफार्म नंबर एक पर देर शाम आरपीएफ ने उसे भटकते हुए देखकर पूछताछ की। खिलाड़ी ने बताया कि वह घर से भागकर आया है। आरपीएफ ने देर रात साढ़े तीन बजे खिलाड़ी को परिजनों को सौंपा। किशोर कबड्डी का बेहतरीन खिलाड़ी है। दरअसल मंगलवार देर शाम आरपीएफ के हेड कांस्टेबल ईश्वर सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह गश्त पर थे। तभी उन्हें एक किशोर परेशान हालत में घूमते हुए दिखाई दिया। पूछने पर उसने अपना नाम विकास शर्मा बताया। विकास जींद जिले के गांव अहिरका का रहने वाला है। बाद में बातचीत में उसने घर से भागने की सारी कहानी बता दी। विकास के पिता नरेंद्र ने बताया कि मंगलवार को स्कूल से आने के बाद वह नहर में नहाने गया था। घर लौटा तो उसकी मां ने उसे धमकाया। इसके बाद विकास घर से भाग गया। घरवाले उसे पूरा दिन ढूंढ कर परेशान थे। रात 11 बजे के करीब आरपीएफ से फोन पहुंचने पर उन्हें संतोष मिला। पिता विकास ने बताया कि बेटा नरेंद्र 10वीं कक्षा का छात्र है। कबड्डी खेल में रुचि होने पर वह गांव स्तर के मैचों में हिस्सा लेता है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक आरके ओझा ने बताया कि एक किशोर को स्टेशन परिसर पर भटकते हुए पाया था, जिसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
यात्रियों ने रेलमंत्री से की समय
घटाने की मांग
रोहतक | ट्रेनों के समय पर संचालन को लेकर रेलवे बोर्ड लगातार मानीटरिंग कर रहा है। फिर भी 54641 दिल्ली फिरोजपुर पैसेंजर ट्रेन का संचालन समय पर नहीं हो पा रहा है। बुधवार सुबह 7.10 बजे दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलने वाली फिरोजपुर पैसेंजर ने रोहतक के बीच 70 किमी की दूरी का सफर दो घंटे में तय करने की बजाय तीन घंटे में तय करके सुबह 10.08 बजे रोहतक जंक्शन पर पहुंची। नौकरीपेशा दैनिक यात्रियों ने दफ्तर पहुंचने में देरी होने पर सारा गुस्सा रेल संचालन पर निकाल दिया। समस्याओं को देखते हुए दिल्ली-रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हाडा व सचिव पवन ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को सोशल मीडिया के जरिए शिकायत भेज दी। 54641 दिल्ली-फिरोजपुर पैसेंजर ने दिल्ली से रोहतक के बीच की दूरी 70 किमी में तय की है।