11 बजे तक वेतन नहीं मिला तो शाम की शिफ्ट में हड़ताल करेंगे पीजीआईएमएस सुरक्षाकर्मी
कंपनी के मैनेजर ने बुधवार शाम पांच बजे तक वेतन आने का दिया था आश्वासन, नहीं आया
भास्कर न्यूज | रोहतक
तीन महीन से वेतन नहीं मिलने से परेशान पीजीआई के सुरक्षा कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि वीरवार सुबह 11 बजे तक वेतन नहीं मिला तो वह शाम की शिफ्ट में हड़ताल कर देंगे। सिक्योरिटी कंपनी के मैनेजर ने बुधवार शाम पांच बजे तक वेतन मिलने की बात कही थी। मगर कर्मियों को वेतन नहीं मिला। सुरक्षा कर्मचारी यूनियन के प्रधान अशोक ने बताया कि वेतन नहीं आया तो सभी सुरक्षाकर्मी अनिश्चित हड़ताल करेंगे। जब तक वेतन नहीं मिलेगा तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उनका कहना है कि कंपनी की तरफ से बार बार आश्वासन दिया जा रहा है। मगर एक भी रुपए नहीं मिल रहा। ऐसे में कर्मचारियों के पास कोई रास्ता नहीं है। बता दें कि पीजीआई में फिलहाल करीब 750 अनुबंधित सुरक्षा कर्मचारी है।
यह सभी एक निजी कंपनी के माध्यम से नौकरी कर रहे है। निजी कंपनी ने ही पीजीआई से टेंडर लिया था। तीन महीन पहले ही एक दूसरी कंपनी के पास ठेका गया था। इस कंपनी के माध्यम से ही कर्मचारियों को सुरक्षा में लगाया गया था। प्रधान अशोक सहित अन्य कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले तीन महीने से कंपनी के अंडर में काम कर रहे एक भी सुरक्षाकर्मी का वेतन नहीं आया है। बार बार गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। सुरक्षाकर्मियों को उधार रुपए लेकर परिवार का गुजारा करना पड़ रहा है।