पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • एमडीयू में हर विभाग बनाएगा कार्यक्रमों का कैलेंडर, वैल्यू एडेड कोर्स होंगे शुरू

एमडीयू में हर विभाग बनाएगा कार्यक्रमों का कैलेंडर, वैल्यू एडेड कोर्स होंगे शुरू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोहतक. एकेडमिक प्लानिंग बोर्ड की बैठक को संबोधित करते वीसी प्रो. बीके पुनिया।

कैग की आपत्ति के बाद एमडीयू के इतिहास में 42 साल बाद पहली बार एकेडमिक प्लानिंग बोर्ड की स्थापना

भास्कर न्यूज | रोहतक

कैग की आपत्ति के बाद पहली बार एमडीयू के इतिहास के 42 साल बाद गठित किए गए एकेडमिक प्लानिंग बोर्ड की पहली बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता एमडीयू कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पुनिया ने की। इसमें तय किया गया कि एमडीयू भविष्य की स्ट्रेटिजिक प्लानिंग के तहत विश्वविद्यालय में मानव संसाधन विकास पर फोकस करेगा। इसके लिए गुणवत्तापरक उच्चतर अध्ययन एवं शोध, सोशल आउटरीच, स्किल डेवलपमेंट तथा वैल्यू बेस्ड एजुकेशन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के एकेडमिक प्लानिंग बोर्ड की पहली बैठक में इस आशय की आम सहमति बनी। प्रो. केएन पाठक ने भविष्य में डिजिटल मैनेजमेंट समेत डिजिटल पाठ्यक्रमों को प्रारंभ करने का सुझाव दिया। प्रो. रणबीर सिंह ने कहा कि भविष्य में एमडीयू शैक्षणिक उत्कृष्टता पर फोकस करे। इसके लिए प्रत्येक विभाग कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, विस्तार व्याख्यान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करें। उन्होंने मैसिव ऑनलाइन ओपन कोर्सेज प्रारंभ करने की सलाह दी। एमडीयू कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पुनिया ने कहा कि एमडीयू के इतिहास में पहली बार एकेडमिक प्लानिंग बोर्ड की स्थापना की गई है। इसके तहत विश्वविद्यालय की भविष्य के शैक्षणिक विस्तारण एवं उन्नयन को नई दिशा प्राप्त होगी। कुलपति ने कहा कि एमडीयू में योजनाबद्ध ढंग से शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय की विभिन्न क्षेत्र की उपलब्धियों को सांझा किया।

नए कानूनों की सच्चाई जानने पर करें शोध

न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली ने विधि क्षेत्र में विभिन्न नए कानूनों के सामाजिक-विधिक पक्षों एवं प्रभाव पर शोध की वकालत की। उन्होंने विधि के विद्यार्थियों में विशेष तौर पर ड्राफ्टिंग स्किल्ज विकसित करने पर ध्यान देने की बात कही। अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. एके राजन ने वैल्यू एडेड कोर्सेज प्रारंभ करने की मंशा जताई। एमडीयू में बेहतर एकेडमिक एवं रिसर्च इको-सिस्टम बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रो. वीके शर्मा तथा प्रो. मुनीष गर्ग ने भी बैठक में एकेडमिक तथा रिसर्च क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए उपयोगी इनपुट दिए।

इन एक्सपर्ट ने लिया भाग

इस बैठक में पंजाब विवि, चंडीगढ़ के पूर्व कुलपति प्रो. के.एन.पाठक, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली के कुलपति प्रो. रणबीर सिंह, केन्द्रीय प्रशासनिक पंचाट के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) प्रमोद कोहली समेत एमडीयू के डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अजय कुमार राजन, डीन, फैकल्टी ऑफ फिजिकल साइंसेज प्रो. वीके वर्मा, डीन, फैकल्टी ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज प्रो. मुनीष गर्ग, डीन, फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट साइंस प्रो. ए.एस. बूरा तथा रजिस्ट्रार जितेन्द्र कुमार भारद्वाज शामिल हुए। कुलपति कार्यालय के समिति कक्ष में आयोजित इस महत्त्वपूर्ण बैठक में सहायक कुलसचिव चंद्रकांता, कुलपति कार्यालय के ओएसडी महेन्द्र सिंह, कुलसचिव कार्यालय के ओएसडी डाॅ. अनार सिंह ढुल, डीन, एकेडमिक कार्यालय के पीए खैराती लाल, निदेशक जनसंपर्क सुनीत मुखर्जी, पीआरओ पंकज नैन उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...