सुबह की प्रार्थना के दौरान बुधवार को गांव पटवापुर के राजकीय उच्च विद्यालय में वंदे मातरम् और भारत माता की जय के साथ जय भीम बोलने पर आठवीं के छात्र की एक शिक्षक ने पिटाई कर दी। जब छात्र ने पूरे मामले के बारे में परिजनों को बताया तो कुछ ग्रामीण और जय भीम गौरव सेना के सदस्य शिकायत लेकर स्कूल में पहुंच गए। शिक्षक के स्कूल में न आने पर प्रधानाचार्य ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। दरअसल, स्कूल में सुबह प्रार्थना के दौरान अध्यापक बच्चों से वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे लगवा रहे थे। इसी बीच आठवीं कक्षा के एक छात्र ने वंदे मातरम् के साथ जय भीम का नारा भी लगा दिया। आरोप है कि जय भीम बोलने पर एक शिक्षक ने छात्र की पिटाई कर दी। जय भीम गौरव सेना ने पूरे प्रकरण की कड़ी निंदा की है। जयभीम गौरव सेना के पदाधिकारी सतबीर, धर्मपाल, संदीप, संजय का कहना है कि जय भीम बोलने पर बच्चे से मारपीट करना गलत है। अब शिक्षक से इस मामले में माफी मंगवाई जाएगी।
रोहतक. मारपीट मामले को लेकर रोष प्रकट करते जय भीम गौरव सेना के सदस्य।