बर्खास्त वोकेशनल टीचर्स की बहाली न होने पर वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन ने रोष जताया है। रविवार को हुडा पार्क में एसोसिएशन की प्रदेशस्तरीय मीटिंग हुई, जिसकी अध्यक्षता राज्य प्रधान मुकेश गुज्जर व जिला प्रधान अनूप ढिल्लो ने की। उन्होंने बताया कि वोकेशनल टीचर्स हरियाणा के 1001 सरकारी स्कूलों में कार्यरत हैं। कुछ दिन पहले नियमों में बदलाव का हवाला देते हुए कुछ वोकेशनल टीचर्स को बर्खास्त कर दिया गया। वो कई सालों से स्कूलों में सेवा दे रहे थे।
मीटिंग के बाद इन टीचरों की बहाली को लेकर सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए मांग की गई कि सभी वोकेशनल टीचर्स को जॉब सिक्योरिटी दी जाए एवं बर्खास्त टीचरों को दोबारा समायोजित किया जाए। विभाग की ओर से रखे गए वोकेशनल टीचर्स की तर्ज पर सभी वोकेशनल टीचर्स रखते हुए सैलरी भी एक जैसी रखी जाए। सभी वोकेशनल टीचर्स को विभाग में मर्ज करके समान काम समान वेतन दिया जाए। टीचर्स की बहाली की मांग को कच्चा कर्मचारी संघ ने भी समर्थन दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि एक सप्ताह बाद पंचकुला के सेक्टर पांच के हैफेड ग्राउंड में धरना दिया जाएगा। इस मौके पर राहुल मित्तल, मुनीष, नवीन, दीपक, जगदीप, शिवानी, मुकेश, साेमनाथ मौजूद रहे।