पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • कोचिंग से ज्यादा स्वयं की तैयारी पर किया भरोसा, सरकारी स्कूल के बच्चे मेरिट में छाए

कोचिंग से ज्यादा स्वयं की तैयारी पर किया भरोसा, सरकारी स्कूल के बच्चे मेरिट में छाए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बाेर्ड की 12वीं के रिजल्ट का दिनभर विद्यार्थियों ने इंतजार किया। देर शाम वेबसाइट पर रिजल्ट अपलोड होने का पता चला, फौरन रिजल्ट चेक करने के लिए छात्र-छात्राओं में होड़ मच गई। प्रीतम विहार स्थित न्यू हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरकड़ा व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्माइला के बच्चों ने 70 से 90 फीसदी अंक पाकर शिक्षकों की मेहनत को सफल बनाया। न्यू हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक जेएस बूरा ने बताया कि परीक्षा में 60 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें स्कूल का परिणाम 90 फीसदी रहा है।

इस्माइला गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल संदीप नैन ने बताया कि 19 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 14 बच्चे पास हुए। स्कूल का रिजल्ट 73 फीसदी आया है। होनहार विद्यार्थियों से बातचीत में सामने आया कि उन्होंने कोचिंग से ज्यादा खुद की तैयारी पर भरोसा रखा।

राजकीय स्कूल सांघी के सभी 128 बच्चे पास

राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सांघी गांव के प्रिंसिपल जयपाल सिंह दहिया ने बताया कि 128 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें सभी विद्यार्थी पास हो गए। 47 बच्चे प्रथम श्रेणी से पास हुए हैं। विज्ञान संकाय में प्रीति ने 92.6 फीसदी अंक, वाणिज्य संकाय में ज्याेति ने 89 फीसदी, कला संकाय में नैन्सी ने 90.1 फीसदी अंक हासिल किए हैं।

रोहतक. कन्हेली रोड पर न्यू हरियाणा सीनियर सेकंडरी स्कूल में 12वीं की परीक्षा परिणाम आने के दौरान अपनी खुशी जाहिर करती हुए छात्राऍ।

किराये पर कमरा ले पढ़ाई की, आए 90 फीसदी अंक

फरमाणा गांव निवासी किसान राजबीर बूरा के बेटे साहिल ने बताया कि उसने प्रीतम विहार में कमरा किराए पर लेकर स्कूल में पढ़ाई की। पूरे सत्र में कोचिंग व ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। स्कूल के टीचरों की ओर से कराई गई तैयारी के जरिए परीक्षा दी और मुझे उम्मीद थी कि मैं 90 फीसदी अंक पा सकूंगा। मेरा सपना शुरू से ही सेना में अधिकारी रैंक की नौकरी ज्वाइन देश सेवा करने का रहा है। इस दिशा में पहल करते हुए मैंने एनडीए की तैयारी के लिए कोचिंग ज्वाइन कर ली है।

एसवीएम के 10 बच्चे मेरिट में आए

एसवीएम वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, काहनौर में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 29 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें से 10 बच्चों ने अव्वल प्रदर्शन किया। छात्रा अंजू ने 93 फीसदी, वर्षा ने 92.4 फीसदी अंक, सुनीता ने 84.8 फीसदी, कोमल ने 84.4 फीसदी, अनीता ने 83.8 फीसदी, दीपक ने 83.4 फीसदी, ममता ने 83.2 फीसदी, निकिता ने 82.2 फीसदी, आर्यन ने 81.4 फीसदी, अंजलि ने 80.8 फीसदी अंक प्राप्त किए।

झज्जर से रोज आकर की पढ़ाई, 89 फीसदी अंक किए हासिल

गुरुग्राम निवासी चिराग डबास ने विज्ञान संकाय में 89 फीसदी अंक हासिल किए। चिराग ने बताया कि वह झज्जर में रह रही बुआ के घर से रोज रोहतक तक अप-डाउन करता था। पढ़ाई के लिए स्कूल के टीचरों की ओर से काफी हेल्प की गई। मैथ्स, फिजिक्स व केमिस्ट्री विषय की कोचिंग ली। मैंने 95 फीसदी अंक हासिल करने का प्रयास किया था, लेकिन रिजल्ट में मुझे 89 फीसदी अंक मिले हैं। अब मेरा लक्ष्य नेवी की तैयारी कर आफिसर रैंक में ज्वाइन करना है।

कोचिंग से पढ़ाई कर पाए 92 फीसदी अंक

10वीं में 95.4 फीसदी अंक पाने वाली ज्योति ने 12वीं कक्षा में वाणिज्य संकाय में 92 फीसदी अंक हासिल किए हैं। न्यू हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा ज्योति पुत्री रघुवर दत्त ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली है। यहां वह परिवार के साथ एकता काॅलोनी में रहती है। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने और माता-पिता दोनों काम करते देख मैंने सीए बनने का लक्ष्य तय किया है ताकि मैं माता-पिता को खुशी दे सकूं। ज्योति ने बताया कि पूरे सत्र में मैंने बिना किसी ट्यूशन व कोचिंग के पढ़ाई करते हुए परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम सामने है।

10 वर्ष के प्रश्नपत्र हल करवाए तो मेरिट में छाए

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरकड़ा गांव के राजनीति विज्ञान विषय के प्राध्यापक करमवीर सिंह ने बताया कि 18 बच्चों ने उपस्थिति दर्ज कराई और पांच बच्चों ने 75 से 80 फीसदी, 10 बच्चों ने 80 फीसदी से अधिक व तीन बच्चों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की है। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रिंसिपल निशा सिवाच के मार्गदर्शन में स्टाफ ने बच्चों को गत 10 वर्षों के अनसॉल्व्ड प्रश्नपत्र में आए सवालों को हल कराकर तैयारी कराई। जिसके जरिए यह बेहतर रिजल्ट देने में सफलता मिली है।

खबरें और भी हैं...