नई सब्जी मंडी में मासाखोरों और आढ़तियों के बीच चल रहा विवाद थमता नहीं दिख रहा। शुक्रवार को रिटेलर एसोसिएशन न्यू फल एंड सब्जी मंडी के उप प्रधान रमेश पंडित व कार्यकर्ता ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया कि अाढ़ती संघ की ओर से एक बदमाश के जरिए धमकी दिलवाई गई कि मंडी में फड़ी लगाए दिखाए दिए तो जान से मार देंगे। यह बात मासाखोरों के बीच पहुंची तो वे भड़क गए। उन्होंने सुबह 10 बजे एकत्रित होकर नारेबाजी कर हंगामा किया। शाम को मासाखोरों की हुई मीटिंग में फैसला लिया गया कि शनिवार सुबह हड़ताल कर विरोध जताया जाएगा। रिटेलर एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र नरवाल व सलाहकार ज्ञान सिंह ने बताया कि गुरुवार को शेड में बैठने के लेकर उप प्रधान व एक व्यक्ति के बीच में विवाद हुआ था।
शाम को रिटेलर एसोसिएशन ने बैठक कर उन्हें धमकी देने वाले एक बदमाश के खिलाफ सब्जी मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान ने उस आरोपी का पक्ष लेते हुए मासाखोरों को मंडी से बेदखल करने की धमकी दी। वहीं आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सोनू छाबड़ा ने बताया कि शेड में बैठने के लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद फड़ी लगा रहे बिहार के लोगों को शेड से निकालने की धमकी दी गई, जो उचित नहीं है। प्रधान साेनू ने बताया कि अगर मंडी में इस तरह का पक्षपात किया जाएगा तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आढ़तियों व मासाखाेरों के बीच चल रहा विवाद गहराया, पुलिस में दी शिकायत
रोहतक. नई सब्जी मंडी में रिटेलर एसोसिएशन के सदस्य अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए।
मार्केट कमेटी बेबस, ठोस समाधान निकालने में असफल
मासाखोरों व आढ़तियों के बीच चल रहा विवाद खत्म कराने में मार्केट कमेटी के पदाधिकारी असफल साबित हो रहे हैं। मासाखोरों को शेड के अंडर बूथ आवंटित नहीं किए जा रहे और आढ़ती सर्विस लेन में वाहन खड़े करने को तैयार नहीं हैं। इसका परिणाम यह है कि मासाखोर शेड के बाहर फड़ी लगा रहे हैं और वाहन शेड के किनारे खड़े होने से समस्या पैदा कर रहे हैं। नई फल एवं सब्जी मंडी की सचिव सविता सैनी का कहना है कि मासाखोरों को शेड के अंदर बिठाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। जल्द ही शेड में सुविधाएं पूरी कराकर बूथ आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।