गांधी कैंप और चिन्योट कॉलोनी के लोगों का पानी का संकट दूर करने के लिए क्षेत्र में पानी सप्लाई की नई लाइन बिछाई जाएगी। क्षेत्र में पानी सप्लाई बाधित होने का मामला संज्ञान में आने के बाद सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने नई लाइन बिछाने का आश्वासन दिया है। यह कार्य अम्रूत योजना के तहत पूरा कराया जाएगा। गांधी कैंप और चिन्योट कॉलोनी के करीब 22 हजार क्षेत्रवासियों के लिए सात दशक बाद भी पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी है। यहां आज भी न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही सप्लाई के। हालत यह है कि क्षेत्रवासियों को अपनी प्यास बुझाने के लिए एक किलोमीटर दूर दीवार फांदकर पीजीआई परिसर में लगे नल से पानी लाना पड़ रहा है। पानी नहीं मिलने से परेशान क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उनकी न तो कांग्रेस सरकार ने सुनी और न ही अब भाजपा सरकार में कोई सुनवाई हो रही है। इस संबंध में दैनिक भास्कर ने रविवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जब यह मामला सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के संज्ञान में आया तो उन्होंने क्षेत्र के बारे की समस्या के बारे में पता लगाया। इसके बाद मंत्री ने क्षेत्र में पानी सप्लाई की सारी लाइन बदलने का आश्वासन दिया।
रोहतक. गांधी कैंप में हैंडपंप पर पानी भरने के लिए लगी महिलाओं की लाइन।
सहकारिता मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
लाइन बिछाने के अलावा क्षेत्रवासियों के लिए बूस्टिंग स्टेशन बनाने की भी योजना है। इसके लिए सहकारिता मंत्री अधिकारियों से मिलकर जल्द ही प्रपोजल तैयार करवाएंगे। ताकि पानी को स्टोर करके क्षेत्रवासियों को सप्लाई किया जा सके। इसके अलावा पूरे शहर में भी नई लाइन बिछाई जाएगी।
बजट आ गया, जल्द शुरू होगा काम
अम्रूत योजना के तहत शहर में पानी सप्लाई के लिए 163 करोड़ रुपये का बजट आ चुका है। इसी बजट से गांधी कैंप और चिन्योट कॉलोनी में नई लाइन बिछाई जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में पानी की लाइन पुरानी होने के कारण जगह जगह टूटी पड़ी है। इस कारण पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। यदि कुछ सप्लाई होती भी है तो वह गंदा पानी होता है। न तो पीने में प्रयोग होता है और न ही अन्य किसी काम में।