रोहतक. मंत्री मनीष ग्रोवर को ज्ञापन सौंपते हरियाणा लाइब्रेरी एसो. के सदस्य।
भास्कर न्यूज | रोहतक
हरियाणा लाइब्रेरी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र चिमनी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर को ज्ञापन दिया। ज्ञापन के जरिए प्रतिनिधिमंडल ने मांग करते हुए कहा कि मौजूदा समय में लाइब्रेरी का कोर्स कर चुके हजारों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। सरकार की ओर से वर्ष 1972 से हरियाणा प्रदेश में लाइब्रेरी कोई भर्ती नहीं निकाली गई है। रोजगार न मिलने के कारण हजारों युवा हताश हो चुके हैं।
जिलाध्यक्ष अजय रोहिल्ला ने बताया कि वर्ष 1989 में हरियाणा लाइब्रेरी एक्ट पास हुआ था, जिसके तहत प्रदेश में नगर पालिका, नगर परिषद, खंड स्तर, गांव व सभी सरकारी स्कूलों में लाइब्रेरी खोलने का प्रावधान था। लेकिन प्रदेश के किसी भी सरकारी स्कूल में लाइब्रेरियन की नियुक्ति नहीं की गई। जबकि सरकार की ओर से खरीदी गई करोड़ों रुपए की पुस्तकों का सदुपयोग व रखरखाव नहीं हो पाता है। सहकारिता मंत्री से युवाओं को लाइब्रेरियन के लिए पद निकालकर नियुक्ति दिलाने की मांग की गई।
ज्ञापन लेने के बाद सहकारिता मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को जल्द प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में मनोज कुमार, डॉ. सीमा, सुनीता, कविता, बिंदु, कुसुमलता मौजूद रहीं।