पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • मंडी में आढ़तियों ने किसानों से खरीदी सब्जियां, खुद फड़ी लगवा बेच डाली

मंडी में आढ़तियों ने किसानों से खरीदी सब्जियां, खुद फड़ी लगवा बेच डाली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई सब्जी मंडी में दूसरे दिन रविवार को मासाखोर हड़ताल से वापस नहीं लौटे तो आढ़तियों ने किसानों से सब्जियां खरीदी और अपने कर्मचारियों को फड़ी लगवाकर सब्जियां बिकवा दी। आढ़तियों के सक्रिय हो जाने से मंडी में मासाखोरों की हड़ताल का प्रभावी असर नहीं दिखा। रिटेलर्स ने आरोप लगाया है कि आढ़तियों के द्वारा चुंगी और कमीशन के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। आढ़तियों की ओर से मासाखोरों को बदमाशों से धमकियां दिलवाई जा रही है। जिस कारण कारोबार करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए कई बार मार्केट कमेटी को शिकायत दी गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मासाखोरों का कहना है कि हमारी समस्याआें का जब तक समाधान नहीं किया जाएगा, धरना जारी रहेगा। वहीं न्यू सब्जी मंडी में प्रतिदिन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी राज्यों से किसान बड़ी संख्या में सब्जी बेचने आते हैं। आढ़तियों ने मंडी से प्रतिदिन 15 लाख रुपए की सब्जी व फल की बिक्री किए जाने का दावा किया है। आढ़तियों की माने तो सुबह 4 बजे से आने वाले किसानों से फल व सब्जियां खरीदी गईं और आढ़त पर काम करने वाले कर्मियों को फड़ी लगवाकर सब्जियाें की बिक्री कराई गई। मंडी में आने वाले खरीदारों को मासाखाेरों की हड़ताल की वजह से कोई परेशानी न हो, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी, हमारी यही व्यवस्था चलेगी।

झज्जर. नई सब्जी मंडी में मासाखोरों की हड़ताल के दौरान सब्जी बेचते हुए।

15 रुपए में तैयार होने वाले आई कार्ड के वसूले जाते हैं सौ

आढ़ती एसोसिएशन के महासचिव राजकुमार मग्गू ने बताया कि बाजार में 15 रुपए में तैयार होने वाले आईकार्ड को सौ रुपए में रिटेलर्स एसोसिएशन रिटेलर को देते हैं। मंडी में जगह देने के नाम पर भी कमजोर रिटेलर से पैसा वसूला जा रहा है। हड़ताल के दौरान जो भी फड़ी लगा रहा है, उसे धमकाया जा रहा है। सब्जी मंडी थाने में शिकायत मनमानी करने वाले रिटेलर्स के खिलाफ शिकायत भी दी है।

रिटेलर्स एसोसिएशन यूनियन के नाम पर कमजोर मासाखोर से वसूली की जाती है। उन्हें मंडी से हटाने के लिए धमकाया जाता है। मंडी में पूरी तरह से रिटेलर्स एसोसिएशन मनमानी कर रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आढ़तियों पर वसूली किए जाने के आरोप पूरी तरह गलत है। रही बात कमीशन में मनमानी की की तो निर्धारित कमीशन है, वही लिया जा रहा है। सोनू छाबड़ा, प्रधान, आढ़ती एसोसिएशन, नई सब्जी मंडी, रोहतक

आढ़ती एसोसिएशन का प्रधान मासाखोरों को मंडी से बाहर निकालने की धमकी दे रहा है। पदाधिकारी चुंगी व कमीशन के नाम पर मासाखोरों से वसूली करते हैं। हमारी हड़ताल मासाखोरों को सुविधाएं दिलाए जाने और आढ़तियों की ओर से किए जा रहे परेशान की शिकायतों से निजात दिलाने की है। मासाखोरों से वसूली किए जाने के आरोप गलत हैं। सुरेंद्र नरवाल, प्रधान, रिटेलर्स एसोसिएशन, नई सब्जी मंडी, रोहतक

खबरें और भी हैं...