हड़ताल पर पिछले 13 दिन से बैठक स्थानीय निकाय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री मनीष ग्रोवर की ओर से अलसुबह सफाई कराने की रणनीति लगातार कामयाब हाे रही है। उनकी भाजपा कार्यकर्ताओं की ब्रिगेड भी इसमें पूरी मदद कर रही है। सफाई कर्मचारियों के उठने से पहले ही दूसरे दिन भी 142 ट्रॉली कचरा शहर की विभिन्न कॉलोनियों और गलियों से उठा लिया गया। ठेकेदार के कर्मचारी लगातार सुबह 4 बजे ही मोर्चा संभाल लेते हैं और युद्ध स्तर पर सुबह साढ़े 8 बजे तक इस काम को सिरे चढ़ाया जाता है। इसकेे बाद दिनभर सफाई का काम बंद रहता है।
सोमवार को भी नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले हड़ताल जारी रही। पूरी तरह निगम कार्यालय को बंद रखा गया। इससे लगातार अब काम प्रभावित होने लगा है। लोगों के रोजमर्रा के काम भी नहीं हो पा रहे हैं। जाति प्रमाण पत्र से लेकर मैरिज सर्टिफिकेट और प्राॅपर्टी टैक्स जमा करवाने जैसे सभी काम फिलहाल अटके हुए हैं। नागरिक सेवा केंद्र पर भी ताला लटका दिया है। वहीं, हड़ताली कर्मचारियों ने ठेकेदार के सफाई कर्मचारियों की ओर से अलसुबह की जाने वाली सफाई के काम का विरोध करना कम कर दिया है। वे अपनी मांगों पर सहमति को लेकर अब अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि स्थानीय निकाय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांगों को लेकर लगातार सरकार संपर्क बनाए हुए है। मांगों को जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
एनजीओ के सदस्यों ने की मदद
नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत सोमवार को दूसरे दिन सामाजिक संगठनों ने भी कचरा उठाने में सहयोग दिया। इसमें मुख्य तौर पर विकास एजुकेशनल ट्रस्ट और ओम हरि सेवा समिति के सदस्यों ने कचरा उठवाया। नगर निगम के कर्मचारियों ने ट्रैक्टर-ट्राॅली और जेसीबी मशीन से नगर के अलग-अलग स्थानों से कूड़े के ढेर उठाकर साफ सफाई की। कुल 142 ट्रॉली कचरा निकाला गया।
रोहतक . झज्जर चुंगी के पास कमला नगर में कूड़ा उठाते पब्लिक एनजीओ के सदस्य। (दाएं)- झज्जर चुंगी के पास जेसीबी से कूड़ा उठाते ठेकेदार के कर्मचारी।
टीमें बनाकर चल रहा अभियान
नगर निगम ने स्वच्छता अभियान के तहत अलग-अलग चार टीमों का गठन कर रखा है। ये टीमें निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर कूड़े के उठान और निष्पादन के कार्य को कर रही है। स्वच्छता के इस अभियान में आमजन का भी जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। आम जनता इस अभियान में भागीदार बन कूड़े का निष्पादन करने में जुटी हुई है।
नागरिक मंच ने हड़तालियों को दिया समर्थन, धरने पर पहुंचे
हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में सोमवार को नागरिक मंच के पदाधिकारी पहुंचे। शहर के कुछ नागरिक महाबीर पार्क में एकत्रित हुए। यहां से नागरिक जुलूस निकालते हुए पिछले 13 दिन से हड़ताल स्थल पर बैठे कर्मचारियों के बीच पहुंचे। हड़ताली कर्मचारियों को नागरिक मंच की ओर से कैप्टन शमशेर सिंह मलिक समर्थन करते हुए संबोधित किया। नागरिक मंच की ओर से कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए हड़ताली कर्मचारियों को एकजुटता समर्थन पत्र दिया।
यहां चलाया सफाई अभियान
नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत सोमवार को बोहर, बलियाणा, गढ़ी बोहर, खेड़ीसाध, पहरावर, सुनारिया, सेक्टर-1, 2, 3, 4 व 14, हुडा काॅम्पलैक्स, पीपल वाली गली, शिवाजी काॅलोनी, झज्जर रोड़, वैश्य काॅलेज, पुरानी आईटीआई ग्राउंड, सोनीपत रोड, रंगशाला, डी-पार्क, महिला आश्रम रोड, राज सिनेमा, विश्वकर्मा स्कूल के सामने, जाट काॅलेज के सामने, कॉपरेटिव बैंक के सामने से गंदगी उठाकर साफ-सफाई की गई।
रोहतक . झज्जर चुंगी के पास सफाई करते री एनजीओ व ठेके के कर्मचारी।
सफाई कर्मियों की मांग पूरी की जा चुकी : ग्रोवर
सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा है कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों की मांगों को पहले ही पूरा कर चुकी है। इसलिए कर्मचारियों को अपने कर्तव्य में कोई कोताही नहीं करनी चाहिए। सफाई कर्मचारियों की ओर से वर्दी की मांग की गई थी, जिसे पूरा किया जा चुका है। सफाई कर्मियों ने धुलाई भत्ता 625 रुपए मांगा था, जिसे सरकार ने बढ़ाकर एक हजार रुपए कर दिया। कर्मचारियों की मांग को पूरा करते हुए उन्हें अब डीसी रेट के हिसाब से 12,700 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा है। समान काम-समान वेतन की मांग के मद्देनजर राज्य सरकार ने कमेटी का गठन कर दिया है और जैसे ही कमेटी की सिफारिशें आएंगी, उन्हें क्रियान्वित कर दिया जाएगा। सफाई कर्मियों ने नए पद सृजित करने की मांग की थी, इस मांग को भी पूरा किया जा चुका है। रोहतक में सफाई कर्मियों के पहले ही 765 पद सृजित किए जा चुके हैं। ग्रोवर ने कहा कि मांग के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को वर्दी व जूते दिए जा रहे हैं। इसके अलावा उन्हें 150 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से झाड़ू भत्ता भी दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ठेकेदारी प्रथा भी समाप्त कर दी गई है।
हड़तालियों के समर्थन में निकाला जुलूस
इसके बाद नागरिकों ने डीसी कार्यालय तक जुलूस निकाला और डीसी से मुलाकात की प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द हड़ताली कर्मचारियों की सभी मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। इस दौरान मुख्य रूप से डाॅ. रणबीर सिंह दहिया, आजाद सिवाच, इन्द्रजीत सिंह, रामकिशन, जगमती सांगवान, सतीश कुमार, नरेश सिंह, संदीप सिंह, सुमित, जगबीर सिंह, अंजु, रितु, मुनमुन आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।