स्थानीय निकाय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सोमवार देर शाम शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर के साथ बैठक हुई। करीब दो घंटे चली इस बैठक को मंत्री मनीष ग्रोवर सकारात्मक बता रहे हैं। साथ ही उनका कहना है कि इस मामले में अब मंगलवार को सीएम मनोहर लाल के साथ बातचीत की जाएगी। इनकी मांगों पर जल्द ही कोई अंतिम निर्णय लेने की सहमति बनी है। वहीं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री बैठक को अनौपचारिक बता रहे हैं। उनका कहना है कि सीएम मनोहर लाल के साथ बातचीत के दौरान उनका जो बातों को लेकर रुख था, वहीं आज भी है। जब तक मांगें पूरी नहीं होती, तब तक उनकी हड़ताल पूरी तरह से जारी रहेगी। बता दें कि सफाई कर्मचारियों समेत करीब 30 हजार कर्मचारी 9 मई से हड़ताल पर हैं।
मंत्री से बात करते कर्मचारी नेता।
समान वेतन पर मंथन, मुख्य सचिव देंगे रिपोर्ट
राजधानी हरियाणा | प्रदेश में नगर पालिकाओं के हड़ताली कर्मचारियों की सबसे अहम मांग समान काम समान वेतन पर सरकार ने जल्द कोई फैसला लेने पर मंथन शुरू किया है। इसे लेकर सोमवार को वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु और नगर निकाय मंत्री कविता जैन की मौजूदगी में आला अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें इस मांग पर हर बिंदु को ध्यान में रखते हुए विचार किया गया। आखिर मुख्य सचिव डीएस ढेसी को इस पर एक रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। मंगलवार को हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से जुड़े सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों व विश्वविद्यालयों के कर्मचारी और मजदूर संगठन सीटू से जुड़े मजदूर सड़कों पर उतरेंगे। यह कर्मचारी व मजदूर सरकार द्वारा मांगों का समाधान कर हड़ताल समाप्त कराने की बजाय ठेका कर्मियों को नौकरी निकालने, लाठीचार्ज करने आदि दमनकारी कदमों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और हड़ताल के प्रति एकजुटता करेंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा व नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने बताया मंगलवार को देश भर में कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे।